
भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उज्जैन और भोपाल में सक्रिय दो संगठित धोखाधड़ी गिरोहों का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में 2.6 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की संपत्ति, जिसमें ट्रैक्टर और महंगी चार पहिया गाड़ियां शामिल हैं, जब्त की गई हैं।
उज्जैन में भाटपचलाना थाना पुलिस ने किसानों को निशाना बनाकर ट्रैक्टर धोखाधड़ी करने वाले मुख्य आरोपी रफीक को गिरफ्तार किया। कई शिकायतों के आधार पर गठित विशेष टीम ने 30 अप्रैल को तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया जानकारी के जरिए आरोपी को पकड़ा। पुलिस ने उज्जैन, इंदौर, धार और रतलाम जिलों से करीब 1.8 करोड़ रुपये कीमत के 20 ट्रैक्टर बरामद किए। जांच में सामने आया कि आरोपी किसानों को अधिक मासिक किराए का लालच देकर ट्रैक्टर लेता था और बाद में उन्हें बेच या गिरवी रख देता था।
वहीं, भोपाल के अयोध्यानगर थाना पुलिस ने चारपहिया वाहन धोखाधड़ी गिरोह का खुलासा किया। एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक महिंद्रा एक्सयूवी, दो बोलेरो और दो इनोवा समेत कुल पांच वाहन (करीब 80 लाख रुपये) जब्त किए गए। गिरोह वाहन मालिकों को आकर्षक किराए का झांसा देकर गाड़ियां लेकर सस्ते दामों में बेच देता था।
पुलिस ने अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी है और नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी संपत्ति किसी अज्ञात व्यक्ति को सौंपने से पहले पूरी जांच-पड़ताल अवश्य करें।
