उज्जैन: हरि फ़ाटक मार्ग पर विकास प्राधिकरण द्वारा उस जमीन पर महाकाल भक्त निवास बनाए जाने के लिए विकास कार्य किया जा रहा है, जहां पर कभी ईंट भट्ठे संचालित होते थे. उक्त कार्य का ठेका 21 करोड़ 55 लाख में दिया गया है. सिंहस्थ 2028 के मद्देनजर बनाए जाने वाले भक्त निवास के लिए 100 करोड़ रुपए का दान चाहिए, जिसके लिए दानदाता ढूंढे जा रहे हैं.
नवभारत से चर्चा में विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि जुलाई अंत तक प्राथमिक विकास कार्य कंप्लीट हो जाएगा। हाल फिलहाल यहां पर अमित जिंदल एंड कंपनी द्वारा ड्रेनेज सीवरेज, सड़क, नाली और समतलीकरण कार्य किया जा रहा है. कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने नवभारत से चर्चा में बताया कि महाकाल भक्त निवास का निर्माण किए जाने की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है. मौके पर प्राथमिक विकास कार्य विकास प्राधिकरण द्वारा किए जा रहे हैं. भक्त निवास का निर्माण दान की राशि से किया जाएगा, जो कि लगभग 100 करोड़ के आसपास होगा.
दान के लिए बनाई वेबसाइट
हरी फाटक बायपास इंदौर रोड पर महाकाल मंदिर से लगभग 5 किलोमीटर की दूरी पर यह महाकाल भक्त निवास बनाए जाने के लिए निर्माण कार्य प्रारंभ हो गया है. देश-विदेश से जो श्रद्धालु महाकाल आते हैं, वह इस भक्त निवास के लिए दान करें, इसके लिए एक वेबसाइट भी बनाई गई है.
भक्त निवास पर यह बनेगा
अलग-अलग साइज के 3 हजार कमरों का भक्त निवास बनाने का निर्णय हुआ. समीप की रिक्त भूमि पर 3000 चार पहिया वाहन की पार्किंग का निर्माण भी किया जाना है. यहां भव्य इन्ट्रेन्स प्लाजा, मुख्य द्वार, गार्ड रूम, 24 मीटर चौडी मेन रोड, भक्त निवास एवं वाहन पार्किंग के मध्य श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अण्डर पास, जनरल स्टोर, उज्जैन सिटी दर्शन काउन्टर भी बनाया जाएगा.
17 ब्लॉक बनेंगे ,जो 6 मंजिला होंगे
उक्त भूमि पर प्रस्तावित प्लान के अनुसार कुल 17 ब्लॉक बनाए जाएंगे. प्रत्येक ब्लॉक 6 मंजिला होकर लगभग 112 कमरों का होगा. भक्त निवास में दर्शनार्थी, स्टॉफ के लिए पार्किंग, हेल्प सेन्टर, चार्जिंग यूनिट के साथ ई- स्टेशन, ई-वाहन स्टैंड भी बनेगा. ई- वाहन दर्शनार्थियों को भक्त निवास से श्री महाकालेश्वर मंदिर तक निःशुल्क लाने व ले जाने का कार्य करेगी. महाकालेश्वर भक्त निवास वर्ष 2028 में शहर में होने वाले सिंहस्थ मेले के आयोजन को दृष्टिगत रखते हुए बनाया जा रहा है
