
छतरपुर। जिले के नौगांव में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घटना बापू डिग्री कॉलेज के पास लगभग दोपहर 12 बजे की बताई जा रही है, जहां एक तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा में सवार नैतिक कुशवाहा (3) गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग घायल बच्चे को तत्काल नौगांव के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल छतरपुर रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद परिजनों में शोक और आक्रोश का माहौल है।
परिवार का आरोप है कि टक्कर मारने वाली कार बापू डिग्री कॉलेज से जुड़े एक शिक्षक की थी। परिजनों ने यह भी बताया कि इलाज के दौरान उन्हें अस्पतालों के चक्कर लगाने पड़े, जिससे समय की देरी हुई।
वहीं, स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
