
सिंगरौली। गढ़वा थाना क्षेत्र के ग्राम चितावलखुर्द में रविवार की अल सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। रेतीली मिट्टी का टीला अचानक धंस जाने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार ग्राम शिवपुरवा निवासी सुनील कुमार केवट उम्र 25 वर्ष पिता श्यामलाल केवट अपने साथियों के साथ गृह निर्माण कार्य के लिए गांव के समीप रेतीली मिट्टी की खुदाई कर रहा था। इसी दौरान अचानक मिट्टी का टीला भरभराकर धंस गया। मलवे की चपेट में आने से सुनील गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। थाना प्रभारी गढ़वा निरीक्षक विद्यावारिधी तिवारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मलवे के नीचे दबे युवक को बाहर निकलवाकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चितरंगी भिजवाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। घटना से गांव में शोक का माहौल है।
