केवल चुनाव नहीं, साल भर जनता के बीच रहें: पटवारी

भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोमवार को छिंदवाड़ा में छिंदवाड़ा एवं पांढुर्णा जिला कांग्रेस कमेटियों के मंडलम, ब्लॉक एवं नगर अध्यक्षों के दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के पहले दिन हिस्सा लिया।

कार्यक्रम को पूर्व सांसद नकुलनाथ, प्रशिक्षण प्रभारी महेंद्र जोशी और कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अभय दुबे ने भी संबोधित किया। प्रशिक्षण में कांग्रेस की विचारधारा, संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की भूमिका और आगामी संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की गई।

जीतू पटवारी ने कहा कि संगठन का पुनर्निर्माण केवल पदाधिकारियों की नियुक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि पार्टी की विचारधारा, कार्यकर्ताओं और जनता के बीच मजबूत संबंध स्थापित करना इसका मूल उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि विभिन्न जिलों में प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से पदाधिकारियों को कांग्रेस की विचारधारा, संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व की जिम्मेदारियों और जनसेवा की भूमिका से अवगत कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा, “प्रशिक्षित कार्यकर्ता मजबूत संगठन की नींव होता है।” कांग्रेस ऐसा संगठन तैयार करना चाहती है जो केवल चुनाव के समय नहीं, बल्कि पूरे वर्ष जनता के बीच सक्रिय रहे।

दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस की जीत का उल्लेख करते हुए पटवारी ने इसे कार्यकर्ताओं की मेहनत, संगठनात्मक एकजुटता और जनता के विश्वास का परिणाम बताया। उन्होंने दावा किया कि मजबूत जमीनी अभियान के बल पर भाजपा की राजनीतिक ताकत और संसाधनों का मुकाबला किया जा सकता है।

पटवारी ने बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं, महंगाई, कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार और वित्तीय प्रबंधन को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने लाड़ली बहना हितग्राहियों को प्रतिमाह 3,000 रुपये देने सहित कई वादे पूरे नहीं किए जाने का आरोप लगाया।

उन्होंने मंडलम, ब्लॉक और नगर अध्यक्षों से लगातार जनता के संपर्क में रहने, उनकी समस्याएं उठाने और बूथ स्तर के संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।

Next Post

अपराधियों की खैर नहीं! भोपाल पुलिस बनाएगी ‘सीक्रेट नागरिक’, सीधे अफसरों तक पहुंचेगी सूचना

Mon Aug 10 , 2026
भोपाल। पुलिस ने शहर में अपराध और नशाखोरी पर अंकुश लगाने के लिए माइक्रो बीट व्यवस्था को मजबूत करने की नई पहल शुरू की है। इसके तहत अलग-अलग इलाकों में भरोसेमंद नागरिकों को ‘माइक्रो बीट नागरिक प्रभारी’ बनाया जाएगा। इन नागरिकों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी, ताकि वे […]

You May Like