
नीमच। शहर सहित पूरे अंचल में रविवार सुबह घने कोहरे का असर देखने को मिला। सुबह से ही वातावरण में छाए नीहार (कोहरे) के कारण दृश्यता बेहद कम हो गई, जिससे कुछ ही दूरी पर देख पाना मुश्किल हो गया। कोहरे की वजह से सडक़ों पर वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और एहतियातन वाहनों की रफ्तार धीमी रखनी पड़ी। कई स्थानों पर वाहन लाइट जलाकर चलते नजर आए।कड़ाके की ठंड से बचाव के लिए लोग जगह-जगह अलाव जलाकर राहत पाने का प्रयास करते दिखाई दिए। वातावरण में नमी और उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं के कारण सुबह के समय कंपकंपाती ठंड का अहसास हुआ। ठंड का असर आम जनजीवन के साथ-साथ मजदूरों और राहगीरों पर भी स्पष्ट रूप से देखा गया।मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत से आ रही शीतलहर और ठंडी हवाओं के चलते प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है, जिससे ठंड में और इजाफा हो रहा है। आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट आने की संभावना जताई गई है। यदि मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ तो पाला पडऩे के आसार भी बन सकते हैं,जिससे फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। शनिवार व रविवार सुबह लोग जब नींद से जागे तो चारों ओर घना कोहरा छाया हुआ था। सुबह करीब 10.30 बजे तक तापमान 10 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जिससे ठंड का असर बना रहा।
