मोदी कल राजस्थान और गुजरात जायेंगे, विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं की शुरूआत करेंगे

नयी दिल्ली 27 फरवरी (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को राजस्थान और गुजरात की यात्रा पर जायेंगे और विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं और विकास परियोजनाओं का शिलान्यास तथा उद्घाटन करेंगे। राजस्थान में प्रधानमंत्री 14 वर्ष की बालिकाओं में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए राष्ट्रव्यापी ह्यूमन पेपिलोमावायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ करेंगे। वह अजमेर में 16,680 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। वह राजस्थान के विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में नव-नियुक्त 21,800 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री गुजरात के साणंद में माइक्रोन टेक्नोलॉजी की सेमीकंडक्टर असेंबली, टेस्टिंग और पैकेजिंग (एटीएमपी) इकाई का उद्घाटन करेंगे।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि श्री मोदी सुबह करीब साढे ग्यारह बजे अजमेर में 16,680 करोड़ से अधिक लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण, उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे। इस अवसर पर वह एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। ये परियोजनाएं शहरी विकास, पेयजल आपूर्ति, सड़क, सिंचाई, ऊर्जा और औद्योगिक अवसंरचना जैसे प्रमुख क्षेत्रों से संबंधित हैं। बाद में निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने और महिलाओं के कल्याण को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के अंतर्गत प्रधानमंत्री 14 वर्ष की बालिकाओं के लिए एचपीवी टीकाकरण के राष्ट्रव्यापी अभियान प्रारंभ करेंगे। इस पहल का उद्देश्य सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम करना है, जो महिलाओं में कैंसर से संबंधित बीमारियों के प्रमुख कारणों में से एक है। यह अभियान देशभर की बालिकाओं और महिलाओं के दीर्घकालिक स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।

सड़क संपर्क को बढावा देते हुए प्रधानमंत्री कई राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे जिनमें बांदीकुई से जयपुर तक 4-लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे, अमृतसर-जामनगर आर्थिक कॉरिडोर के पैकेज-7 खंड में 6-लेन एक्सेस कंट्रोल्ड ग्रीन हाईवे तथा दिल्ली-वडोदरा एक्सेस कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के पैकेज-14 खंड में 8-लेन कैरिजवे सहित अन्य परियोजनाएं शामिल हैं। इसके अतिरिक्त वह जोधपुर शहर में 4-लेन के एलिवेटेड रोड तथा बारां जिले में मलाबमोरी-मांग्रोल-बारां राज्य राजमार्ग सहित अन्य परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। सभी के लिए सुरक्षित और स्वच्छ पेयजल सुनिश्चित करने की सरकार की प्रतिबद्धता के अनुरूप प्रधानमंत्री नोनेरा मेजर ड्रिंकिंग वाटर परियोजना के चार पैकेज तथा परवन अकावद मेजर ड्रिंकिंग वाटर परियोजना के पांच पैकेजों का शिलान्यास करेंगे। नवीकरणीय ऊर्जा अवसंरचना को सुदृढ़ करने और राजस्थान में उत्पादन केंद्रों से निर्बाध विद्युत पारेषण सुनिश्चित करने के लिए प्रधानमंत्री राजस्थान के नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र (आरईजेड) से विद्युत निकासी के लिए पारेषण प्रणालियों का उद्घाटन करेंगे। वह 220 किलोवाट ग्रिड के पांच उपकेंद्रों और 400 किलोवाट के दो ग्रिड उपकेंद्रों सहित संबंधित पारेषण लाइनों का शिलान्यास भी करेंगे। रोजगार सृजन और युवा सशक्तिकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री राजस्थान के विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में नव-नियुक्त 21,800 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे।

Next Post

केजरीवाल और सिसोदिया को मिली राहत के खिलाफ दिल्ली हाई कोर्ट जाएगी सीबीआई

Fri Feb 27 , 2026
नयी दिल्ली, 27 फरवरी (वार्ता) केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने शुक्रवार को दिल्ली आबकारी नीति मामले में पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को बरी किए जाने के निचली अदालत के फैसले को दिल्ली उच्च न्यायालय में चुनौती देने का निर्णय लिया। सीबीआई का यह फैसला यहां […]

You May Like