
भोपाल। अशोक गार्डन थाना इलाके में एक महिला के बैंक खाते से सायबर जालसाजों ने करीब साढ़े 6 लाख रूपए उड़ा दिए. महिला के खाते से गायब हुए रूपए को लेकर, जब मोबाइल पर अलर्ट मैसेज आया तब उन्होंने ध्यान दिया. महिला ने सायबर और स्थानीय थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक सुंदर नगर निवासी रेनू शर्मा का एक बैंक में बचत खाता चलता है. रेनू के खाते से करीब चार दिन पहले साइबर जालसाजों ने अवैध तरीके से कई लेनदेन करके कुल 6,61,995 रुपये निकाल लिए. रेनू के मोबाइल नंबर पर जब बैंक की तरफ से डेबिट अलर्ट का संदेश दिखा तो उन्होंने तुरंत ही बैंक के अधिकारियों से संपर्क कर जानकारी ली. बैंक में लेन-देन की विवरण देखने के बाद रेनू ने थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने महिला की शिकायत पर अज्ञात सायबर जालसाजों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
