
गुना। रेलवे स्टेशन गुना पर गश्त के दौरान एक असंरक्षित बालक मिलने पर जीआरपी ने तत्परता दिखाते हुए उसे सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचाया। इस सराहनीय कार्य के लिए परिजनों ने पुलिस का आभार व्यक्त किया।
“ऑपरेशन मुस्कान” के तहत पुलिस की संवेदनशील पहल
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार महिला एवं बाल सुरक्षा को लेकर “ऑपरेशन मुस्कान” अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत 11 फरवरी 2025 की रात थाना प्रभारी सउनि श्रीपाल सिंह अपने सहयोगियों प्रआर. 575 राजेंद्र सिंह, आर. 608 पुष्पेंद्र और आर. 631 अवधेश के साथ रेलवे स्टेशन पर गश्त कर रहे थे। इस दौरान प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर एक असहाय बालक मिला।
बालक से बातचीत करने पर पता चला कि वह गलती से भटककर गुना आ गया है। पुलिस टीम ने तत्काल मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए उसके परिजनों से संपर्क किया और उसके पिता को सूचना दी। सूचना मिलते ही बालक के पिता ब्यावरा से गुना पहुंचे, जहां जीआरपी ने औपचारिक प्रक्रिया पूरी कर बच्चे को सुरक्षित उनके सुपुर्द किया।
