
छिंदवाड़ा। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत नगर निगम द्वारा दशहरा मैदान में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इस आयोजन में नगर निगम क्षेत्र, ग्रामीण अंचलों एवं मोहखेड़ क्षेत्र के कुल 200 जोड़ों ने भाग लिया। विशेष बात यह रही कि सभी जोड़ों का विवाह उनकी-अपनी परंपराओं एवं रीति-रिवाजों के अनुसार एक ही पंडाल में संपन्न कराया गया। समारोह में आदिवासी, वैदिक, बौद्ध एवं अन्य परंपरागत विधि-विधानों से विवाह कराए गए, जिसने सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक विविधता का सुन्दर उदाहरण प्रस्तुत किया। समारोह में सांसद विवेक बंटी साहू, नगर निगम महापौर विक्रम अहके सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पार्षदगण एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे। अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों पर पुष्प वर्षा कर उन्हें सुखद दांपत्य जीवन के लिए आशीर्वाद प्रदान किया।समारोह के दौरान वैदिक मंत्रोच्चारण, पारंपरिक रस्मों और धार्मिक विधि-विधानों के बीच सभी जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। पवित्र अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिए गए और नवदंपत्तियों ने नए जीवन की शुरुआत की। विभिन्न समुदायों और परंपराओं के लोग एक साथ एक ही पंडाल के नीचे विवाह संस्कार में शामिल हुए, जिसने सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश दिया।
टाउन हॉल से दशहरा मैदान की ओर निकली बारात ००००००
कार्यक्रम की शुरुआत प्रात:8 बजे टाउन हॉल में जोड़ों के पंजीकरण के साथ हुई। यहां सभी जोड़ों एवं उनके परिजनों के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई थी। इसके बाद पारंपरिक ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजों की धुन पर भव्य बारात निकाली गई। फूलों से सजे वाहन, पारंपरिक परिधानों में सजे दूल्हे और उत्साहित बारातियों ने नगर को उत्सवमय वातावरण में बदल दिया। नगर के विभिन्न मार्गों से निकली बारात का नागरिकों ने स्वागत किया।
आकर्षक पुष्प से सजाया गया पंडाल ०००००
दशहरा मैदान में बनाए गए विशाल पंडाल को आकर्षक पुष्प सज्जा एवं रंग-बिरंगी रोशनियों से सजाया गया था। गर्मी को देखते हुए प्रशासन द्वारा विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। पंडाल में कूलर, शीतल जल एवं बैठने की समुचित व्यवस्था की गई थी। वहीं विवाह समारोह में शामिल होने वाले हजारों लोगों के लिए भोजन की पर्याप्त व्यवस्था भी प्रशासन द्वारा सुनिश्चित की गई।
