
इंदौर। छिंदवाड़ा में खाद्य सुरक्षा जांच के दौरान पतंजलि के 200 मिलीलीटर घी का बैच नंबर FAWB260017 असुरक्षित पाए जाने के बाद इंदौर में भी खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने पतंजलि घी की जांच शुरू कर दी है। विभाग ने संबंधित बैच की इंदौर में तलाश की, लेकिन यह बैच नहीं मिला। हालांकि, एहतियात के तौर पर अलग-अलग स्थानों से पतंजलि घी के अन्य बैचों के नमूने लिए गए हैं।
खाद्य अधिकारी मनीष स्वामी ने बताया कि छिंदवाड़ा की घटना के बाद इंदौर में भी पतंजलि घी की जांच की गई। थोक विक्रेताओं के साथ पतंजलि के स्टोर से भी नमूने लिए गए हैं। इन नमूनों को जांच के लिए भोपाल की प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
उन्होंने बताया कि इंदौर में संबंधित असुरक्षित बैच की तलाश की गई, लेकिन वह उपलब्ध नहीं मिला। वहीं, अब तक इंदौर में पतंजलि के किसी नमूने के असुरक्षित पाए जाने की जानकारी सामने नहीं आई है। कुछ नमूनों की जांच रिपोर्ट अभी आना बाकी है।
छिंदवाड़ा में तामिया के देलाखारी स्थित अनिल किराना से 10 अगस्त को लिए गए नमूने की जांच रिपोर्ट 21 सितंबर को प्राप्त हुई थी। इसमें बैच नंबर FAWB260017 को असुरक्षित घोषित किया गया। इसके बाद मध्यप्रदेश खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने संबंधित बैच की बिक्री, वितरण और आपूर्ति रोककर बाजार से वापस लेने के निर्देश जारी किए हैं।
