
खंडवा। धार्मिक नगरी ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग में एक महिला श्रद्धालु के साथ होटल रूम में चोरी का मामला सामने आया है, जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बेंगलुरु निवासी अंजली राउत के कमरे से करीब 2.82 लाख रुपए कीमत के दो सोने के कंगन गायब हो गए।
घटना 8 फरवरी की है, जब अंजली अपने पति स्मृति रंजन और परिवार के साथ MPT टेंपल व्यू होटल के कमरा नंबर 206 में ठहरी थीं। सुबह करीब 10 बजे वे कमरे को लॉक कर मंदिर दर्शन के लिए निकले। महिला के अनुसार, जाने से पहले उन्होंने अपने दोनों सोने के कंगन हैंड पर्स में सुरक्षित रखे थे। करीब दो घंटे बाद जब परिवार वापस लौटा, तो पर्स से कंगन गायब थे। कमरे में जबरन प्रवेश के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया।
घटना के तुरंत बाद महिला ने होटल प्रबंधन को सूचना दी, लेकिन उनका आरोप है कि प्रबंधन ने गंभीरता नहीं दिखाई। स्थानीय स्तर पर भी संतोषजनक कार्रवाई नहीं होने पर वे वापस बेंगलुरु लौट गईं और वहां पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
बेंगलुरु पुलिस ने इस मामले में ‘जीरो एफआईआर’ दर्ज कर केस को कोर्ट में पेश किया। अदालत के निर्देश के बाद केस डायरी खंडवा भेजी गई। लंबी प्रक्रिया के बाद 22 अप्रैल को मांधाता थाना पुलिस ने औपचारिक रूप से मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इस पूरी प्रक्रिया में करीब साढ़े तीन महीने का समय लग गया।
पुलिस के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती सबूत जुटाने की है। अधिकारियों का कहना है कि घटना काफी पुरानी होने के कारण होटल के सीसीटीवी फुटेज मिलना मुश्किल हो सकता है। इसके बावजूद होटल के रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं और स्टाफ से पूछताछ की जाएगी। साथ ही मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय कर संभावित आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
यह घटना तीर्थ स्थल पर ठहरने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। खासकर सरकारी पर्यटन होटलों में इस तरह की वारदात चिंता का विषय बन गई है, जहां श्रद्धालु सुरक्षा और भरोसे के साथ ठहरते हैं।
