ओडिशा के 93.97 प्रतिशत मतदाताओं ने प्रपत्र जमा किए, मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित

भुवनेश्वर, (वार्ता) ओडिशा में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत राज्य की मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित कर दिया गया है। इसके अनुसार राज्य के 3.34 करोड़ पंजीकृत मतदाताओं में से 3.13 करोड़ यानी 93.97 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने गणना प्रपत्र जमा कर दिए हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि राज्य के 3,33,99,591 पंजीकृत मतदाताओं में से 3,13,87,034 मतदाताओं ने अपने गणना प्रपत्र जमा किए। यह संख्या एसआईआर के गणना चरण के सफल समापन को दर्शाता है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 8.32 लाख मतदाताओं (2.49 प्रतिशत) की पहचान मृत के रूप में की गई है, जबकि 10.07 लाख मतदाता (3.02 प्रतिशत) स्थायी रूप से स्थानांतरित हो गए हैं या अनुपस्थित थे। अन्य 1.58 लाख मतदाता (0.47 प्रतिशत) एक से अधिक स्थानों पर नामांकित पाए गए, जबकि लगभग 14,000 नाम (0.04 प्रतिशत) अन्य श्रेणियों के अंतर्गत आए।

इनमें वे मतदाता शामिल थे जो अन्य राज्यों या केंद्र शासित प्रदेशों में चले गए थे, जिनका पता नहीं लगाया जा सका, जो 28 जून की समय सीमा तक गणना प्रपत्र जमा करने में विफल रहे, या जो मतदाता सूची में बने रहने के इच्छुक नहीं थे।

निर्वाचन आयोग ने कहा कि ऐसे वास्तविक मतदाता जिनके नाम प्रारूप सूची से गायब हैं, वे 5 जुलाई से 4 अगस्त तक दावों और आपत्तियों की अवधि के दौरान नाम शामिल करने के लिए आवेदन कर सकते हैं।

आयोग ने आगे कहा कि एक से अधिक स्थानों पर नामांकित पाए गए मतदाताओं के नाम चुनावी नियमों के अनुसार केवल एक ही स्थान पर रखे जाएंगे।

 

Next Post

आतंकवाद पर निरंतर सख्त कार्रवाई जरूरी

Mon Jul 6 , 2026
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) द्वारा लश्कर-ए-तैयबा के शीर्ष आतंकी हाफिज सईद के दो करीबी सहयोगियों सहित 23 आतंकियों को आतंकवादी घोषित किया जाना भारत की आतंकवाद विरोधी नीति का एक महत्वपूर्ण कदम है. इस सूची में जम्मू-कश्मीर से लेकर कर्नाटक के बेंगलुरु तक फैले ऐसे तत्व शामिल हैं, जो प्रत्यक्ष […]

You May Like