
खंडवा। विश्व प्रसिद्ध आध्यात्मिक गुरु नीम करोली बाबा के जीवन पर आधारित हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘हनुमान अंश’ में पार्वती माई का मुख्य किरदार निभाने वाली अभिनेत्री नेहा परांजपे शनिवार को खंडवा पहुंची। समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि किशोर कुमार की नगरी में एक कार्यक्रम में शामिल होने आई अभिनेत्री नेहा ने किशोर सभागृह में पत्रकारों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि आस्था और विश्वास पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने देश की जनता का दिल जीत लिया है और उसे पूरे देश का आशीर्वाद मिल रहा है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी फिल्म के कलाकारों की सराहना की है। नेहा ने बताया कि उन्हें यह रोल बिना किसी लंबे ऑडिशन के सीधे निर्देशक के फोन कॉल से मिला। साल 2019 में उन्होंने फिल्म के निर्देशक विशाल के साथ एक विज्ञापन में काम किया था। निर्देशक ने उनके काम को याद रखा और सितंबर-अक्टूबर 2025 में उन्हें फिल्म के दो मुख्य किरदारों ‘पार्वती’ और ‘रामबेटी’ में से चुनने का विकल्प दिया, जिसमें से बाद में ‘पार्वती’ का रोल उनके लिए फाइनल हुआ।
उन्होंने बताया कि इस रोल में उन्हें कॉमेडी और गंभीर-भावुक दोनों तरह के शेड्स दिखाने का मौका मिला। फिल्म की शूटिंग मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश के चित्रकूट के पास परसौंजा नामक शांत और प्राकृतिक स्थान पर हुई, जो उनके लिए ध्यान जैसा सुखद आध्यात्मिक अनुभव रहा। फिल्म में जब मुख्य अभिनेता शोभित नारायण सत्य (नीम करोली बाबा की भूमिका में) उनके घर भोजन करने आते हैं, वह दृश्य उनके सबसे यादगार सीन्स में से एक रहा। किशोर दा की नगरी पहुंचने पर नेहा ने कहा कि किशोर दा सदाबहार अमर कलाकार हैं, उनके गाए गीतों की कोई बराबरी नहीं कर सकता। आज भी छोटे-बड़े, युवा-बुजुर्ग उनके गीत गुनगुनाते हैं। मेरा सौभाग्य है कि मैं उनकी जन्मभूमि पर आई हूं। इस दौरान उन्होंने किशोर दा का गीत ‘शोखियों में घोला जाए फूलों का शबाब’ और ‘जिंदगी का सफर’ भी गुनगुनाया। इस अवसर पर सुधांशु, हिमांशु, नीता, प्रियांशु, हर्षी, प्राची, गंगराड़े, रितेश कपूर एवं समाजसेवी सुनील जैन भी उपस्थित थे।
