ज्ञान परीक्षा में सिंगरौली की सुरमिला का जलवा

सिंगरौली। मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर सिंगरौली की बेटी सुरमिला शाह ने ऐसी उपलब्धि हासिल की है, जिस पर पूरा जिला गौरवान्वित है। ग्राम खटखरी निवासी 20 वर्षीय सुरमिला शाह ने क्रीड़ा भारती द्वारा आयोजित ज्ञान परीक्षा में मध्य क्षेत्र, जिसमें महाकौशल एवं मालवा प्रांत शामिल हैं, में प्रथम स्थान हासिल किया है। उनकी इस सफलता के लिए उन्हें ₹11 हजार की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया गया।

सुरमिला की उपलब्धि पर सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह ने उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। विधायक ने कहा कि जिले की बेटियां विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सिंगरौली का नाम रोशन कर रही हैं। सुरमिला की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायी है।

सुरमिला ने कक्षा पहली से आठवीं तक वीणा वादिनी पब्लिक स्कूल, बुधेला में शिक्षा प्राप्त की। कक्षा नौवीं से बारहवीं तक वह शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बैढ़न की छात्रा रहीं। वर्तमान में वह प्रधानमंत्री एक्सीलेंस कॉलेज, बैढ़न में अध्ययनरत हैं।

क्रीड़ा भारती के महाकौशल प्रांत के प्रांतीय अधिकारी एवं प्रांत मंत्री राकेश त्रिपाठी ने भी सुरमिला को बधाई दी। क्रीड़ा भारती सिंगरौली के जिला अध्यक्ष पंकज सिंह, जिला मंत्री संजय सिंघम शाह सहित संगठन के कार्यकर्ताओं ने इस उपलब्धि पर खुशी जताई।

Next Post

अनुसूचित जाति छात्रावास में घुस कर छात्रों के साथ मारपीट

Wed Sep 9 , 2026
दतिया। अनुसूचित जाति सीनियर बालक छात्रावास में घुस कर छात्रों के साथ मारपीट की गई। कुछ बदमाश किस्म के युवकों ने यह मारपीट की। सड़क पर आवारा किस्म के युवकों का छात्रावास के एक छात्र से मुंहवाद हुआ था। इसके बाद उक्त बाहरी युवक अपने साथियों के साथ कट्टा लेकर […]

You May Like

मनोरंजन