भोपाल: दिल्ली के मालवीय नगर स्थित होटल में हाल ही में हुई आगजनी की घटना के बाद जिला प्रशासन ने राजधानी में होटलों की सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच शुरू कर दी है. इसी क्रम में गुरुवार को बैरागढ़ क्षेत्र के विभिन्न होटलों पर संयुक्त रूप से छापामार कार्रवाई की गई.बैरागढ़ नूजुल वृत्त के एसडीएम रविशंकर राय के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने हलालपुर स्थित होटल सिटी वॉक, नीनल पैलेस और आरके रीजेंसी सहित कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया. जांच के दौरान अधिकांश होटलों में अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं पाए गए. कई स्थानों पर अग्निशमन यंत्र या तो मौजूद नहीं थे या फिर खराब हालत में मिले.
कार्रवाई के दौरान होटल सिटी वॉक से 12 व्यावसायिक गैस सिलेंडर बरामद किए गए. कर्मचारियों से संबंधित दस्तावेज मांगे जाने पर वे कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद सिलेंडरों को जब्त कर लिया गया.प्रशासन ने फायर सेफ्टी मानकों का पालन नहीं करने वाले होटल संचालकों को नोटिस जारी कर पंचनामा तैयार किया. अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि निर्धारित समय में सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं की गईं तो संबंधित होटलों को सील करने की कार्रवाई की जाएगी.
इस दौरान बैरागढ़ तहसीलदार हर्ष विक्रम सिंह, नगर निगम के फायर ऑफिसर सौरभ पटेल, खाद्य सुरक्षा अधिकारी जगदीश प्रसाद विश्वकर्मा, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी तृष्णाल जाम्भोलकर सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे.
