गुना: जिले के म्याना थाना क्षेत्र के ग्राम कंधई में सोमवार रात एक महिला की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। मृतका की पहचान रेशमबाई भिलाला (29) पत्नी शोरसिंह भिलाला के रूप में हुई है। परिजनों ने पति पर बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है।मंगलवार को पुलिस ने जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस मामले की जांच हत्या के एंगल से कर रही है। मृतका के भाई कमल सिंह निवासी ऊमरी ने बताया कि रेशमबाई की शादी कई साल पहले हुई थी, लेकिन वह लंबे समय से पति की मारपीट और प्रताड़ना झेल रही थी। चार माह पूर्व पंचायत के माध्यम से सुलह कराकर उसे ससुराल भेजा गया था, पर वहां भी विवाद जारी रहा।
कमल सिंह के मुताबिक, सोमवार रात फिर झगड़ा हुआ और आरोप है कि शोरसिंह ने उसे कमरे में बंद कर बुरी तरह पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई। मंगलवार सुबह परिजनों को घटना की सूचना मिली तो वे मौके पर पहुंचे, जहां रेशमबाई खटिया पर मृत अवस्था में मिली। परिजनों के अनुसार, उसके शरीर पर चोट के निशान साफ दिखाई दे रहे थे।
मृतका चार छोटे बच्चों की मां थी। परिजन सवाल उठा रहे हैं कि घर में अन्य सदस्य मौजूद होने के बावजूद किसी ने उसे बचाने की कोशिश क्यों नहीं की। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
