भागीरथपुरा पीड़ितों को लेकर इंदौर में कांग्रेस की विशाल न्याय यात्रा

इंदौर । शहर के भागीरथपुरा में दूषित पानी पीने से हुई मौतों के पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग को लेकर कांग्रेस ने न्याय यात्रा और पैदल मार्च निकाला। उक्त यात्रा बड़ा गणपति चौराहे से शुरू होकर राजबाड़ा तक निकाली गई। मौन यात्रा में नेता और कार्यकर्ता सरकार से भागीरथपुरा के पीड़ितों को न्याय की मांग करते तख्तियां लेकर चल रहे थे।

भागीरथपुरा में जहरीले पानी की आपूर्ति से अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है। उक्त मुद्दे को लेकर आज दोपहर में कांग्रेस ने अपने झंडे की बजाय देश के झंडे साथ न्याय यात्रा निकाली। यात्रा में शहर के 85 वार्डो से कार्यकर्ता रैली के रूप में बड़ा गणपति चौराहे पर एकत्र हुए। इसके बाद यात्रा का पैदल मार्च शुरू हुआ और सरकार से पीड़ित नागरिकों के लिए न्याय की मांग करते नेताओं और कार्यकर्ता का हुजूम राजबाड़ा की ओर बढ़ा। कांग्रेस की न्याय यात्रा पूरी तरह मौन यात्रा के रूप में आयोजित की गई। यात्रा मार्ग पर किसी प्रकार के स्वागत मंच या द्वार नहीं लगाए गए थे। कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लेकर भागीरथपुरा की घटना के लिए जिम्मेदारों की जवाबदेही तय करने की मांग कर रहे थे।यात्रा के राजवाड़ा पहुंचने पर वरिष्ठ नेताओं ने सभा को संबोधित किया।

यात्रा में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह , मध्य प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ,प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी,नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, विजयलक्ष्मी साधों, अजयसिंह, कांग्रेस राष्ट्रीय प्रवक्ता अभय दुबे, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बौरासी सेतिया, प्रदेश सेवादल अध्यक्ष अविनाश भार्गव, संगठन प्रभारी उषा नायडू, सत्यनारायण पटेल, रघु परमार, प्रदेश प्रवक्ता राजेश चौकसे, प्रमोद द्विवेदी, संतोष सिंह गौतम, अमित चौरसिया, विनय बाकलीवाल, दीपू यादव, गिरधर नागर, पार्षद सीमा सोलंकी, अनवर दस्तक, अंसाफ अंसारी, रफीक खान, शहर अध्यक्ष चिंटू चौकसे, जिला अध्यक्ष विपिन वानखेड़े सहित हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से भाग लिया।

 

 

जहरीली शराब से मौत सुनी, लेकिन जहरीले पानी से मौतें – पटवारी

 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि इंदौर की जनता को इस बात पर गर्व था कि उसने शहर को साफ-सुथरा बनाया, लेकिन नगर निगम स्वच्छ पीने का पानी तक उपलब्ध नहीं करा पाया। उन्होंने कहा कि पिछले 25 वर्षों से इंदौर में भाजपा की परिषद है। जनता ने भाजपा को अभूतपूर्व समर्थन दिया, लेकिन बदले में जनता को क्या मिला? इंदौर से कांग्रेस का एक भी जनप्रतिनिधि विधानसभा में नहीं पहुंचा। जनता ने मुझे भी हराया, फिर भी मैं विपक्ष की जिम्मेदारी निभा रहा हूं। विपक्ष को मजबूत किया जाएगा, तभी लोकतंत्र मजबूत होगा। मुझे विश्वास है कि आने वाला समय कांग्रेस का होगा। पटवारी बोले बीते 20 वर्षों में क्या किया गया? पटवारी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार इवेंट मैनेजमेंट में लगी हुई है। अब सरकार को वाटर ऑडिट की याद आ रही है। उन्होंने कहा कि हमने जहरीली शराब से मौतों की खबरें सुनी थीं, लेकिन इंदौर में जहरीले पानी से लोगों की जान चली गई।

 

भाजपाई भोजन भंडारे में लगे – दिग्विजयसिंह

 

 

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि एक ओर परिवारों में शोक का माहौल है, वहीं दूसरी ओर भाजपा के लोग भोजन भंडारे कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष में संवेदनशीलता नहीं बची है।

 

भाजपा साफ पानी और शुद्ध हवा नहीं दे सकी – चौधरी

 

 

 

मध्यप्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने कहा कि एक इंसान को अच्छी हवा और साफ पानी की आवश्यकता होती है, लेकिन भाजपा सरकार इन बुनियादी जरूरतों को भी पूरा करने में विफल रही है। आज प्रदेश प्रदूषण के मामले में देश दूसरे नंबर पर है।

 

जनता टैक्स दे रही है और बदले में भाजपा जहरीला पानी दे रही – सिंघार

 

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि जनता पानी का टैक्स देती है, इसके बावजूद साफ पानी के बजाय जहरीला पानी दिया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि अब तक एक भी जिम्मेदार अधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज क्यों नहीं किया गया। मैंने वॉटर ऑडिट किया है, शहर का कोई भी इलाका दूषित और मल वाले पानी से अछूता नहीं है। भाजपा जनता को मल वाला पानी दे रही है।

 

सभी 85 वार्डों से वाहन रैलियां निकाली गईं

 

यात्रा में शामिल होने के लिए शहर के सभी 85 वार्डों से वाहन रैलियां निकाली गईं। इंदौर के साथ-साथ आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता , विधायक और कार्यकर्ता न्याय यात्रा में शामिल हुए।

Next Post

राजू ईरानी को पुलिस लेकर पहुंची भोपाल,जिला कोर्ट में किया पेश 

Sun Jan 11 , 2026
भोपाल। ईरानी गैंग के सरगना राजू ईरानी को रविवार को जिला कोर्ट में पुलिस ने पेश किया. कोर्ट ने 17 जनवरी तक उसे पुलिस रिमांड़ पर भेज दिया है. निशातपुरा थाना पुलिस कड़ी सुरक्षा के बीच सूरत (गुजरात) से लेकर उसे जिला कोर्ट पहुंची. कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस […]

You May Like