कलेक्टर का सौसर सिविल अस्पताल में औचक निरीक्षण, पीएनआईसीयू-एनआरसी का काम अधूरा मिलने पर निर्माण एजेंसी को लगाई फटकार

सौसर, स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत परखने के लिए कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ ने बुधवार को सौसर सिविल अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों का जायजा लेते हुए मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के कड़े निर्देश दिए।

कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान डॉक्टर ओपीडी, रशीद काउंटर, आयुष्मान योजना कक्ष, पैथोलॉजी लैब, एक्स-रे, जन्म-मृत्यु पंजीयन, क्षय रोग विभाग, दवा वितरण कक्ष, इंजेक्शन कक्ष, ऑक्सीजन प्लांट, मर्चुरी, जनरल वार्ड, प्रसूता वार्ड एवं पोषण पुनर्वास केंद्र का बारीकी से मुआयना किया। उन्होंने रशीद काउंटर को पायलट प्रोजेक्ट के तहत जल्द से जल्द पूरी तरह कंप्यूटरीकृत करने के निर्देश दिए। साथ ही अस्पताल परिसर में रखी कबाड़ सामग्री का नियमानुसार तुरंत निस्तारण करने को कहा। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. रूपेश बोकड़े ने कलेक्टर को अस्पताल के मौजूदा संसाधनों और स्टाफ की आवश्यकताओं से अवगत कराया।

*​अधूरे निर्माण पर जताई कड़ी नाराजगी -*

अस्पताल के द्वितीय तल पर पीआईयू द्वारा नवनिर्मित पीएनआईसीयू और एनआरसी वार्ड का काम अधूरा मिलने तथा अब तक हैंडओवर न होने पर कलेक्टर ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। निर्माण एजेंसी को कड़ी फटकार लगाते हुए उन्होंने दूरभाष पर पीआईयू अधिकारियों से बात की और गुरुवार तक विस्तृत रिपोर्ट तलब की। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लेटलतीफी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

*​एम्बुलेंस शुल्क व्यवस्था में संशोधन -*

रोगी कल्याण समिति द्वारा संचालित एम्बुलेंस पर हो रहे अधिक व्यय की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने नई व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए। इसके तहत सक्षम मरीजों से निर्धारित शुल्क लिया जाएगा, जबकि बीपीएल और आर्थिक रूप से कमजोर जरूरतमंद मरीजों को निर्धारित दर की आधी राशि पर यह सुविधा मिलेगी। वहीं पात्र गंभीर बीपीएल मरीजों को प्राथमिकता के आधार पर निःशुल्क सेवा दी जाएगी।

*​’एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण -*

निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया गया। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों से पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

इस अवसर पर एसडीएम सिद्धार्थ पटेल, डॉ. संदीप नखाते, डॉ. पूनम सिंह, डॉ. चौहान, बीईई रवि प्रसाद तुमडाम, बीपीएम नवनीत बोरकर, नर्सिंग ऑफिसर वंदना गजभिए, श्रीमती पटले, फार्मासिस्ट मनोहर वड़सकर, सुनील वाहने सहित अस्पताल का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

Next Post

भोपाल में रहवासी इलाकों में चल रहे कारोबार पर पहली बार बड़ी कार्रवाई, गौतम नगर में चल रही होटल को किया सील

Wed Aug 26 , 2026
भोपाल। रिहायशी इलाकों में कमर्शियल गतिविधियों के खिलाफ नगर निगम की पहली बड़ी कार्रवाई सामने आई है। बुधवार को वार्ड-58 के गौतम नगर में रिहायशी बिल्डिंग में संचालित OYO होटल को नगर निगम ने सील कर दिया। निगम के मुताबिक, भवन मालिक शुभेंदु उपाध्याय को पहले ही कमर्शियल गतिविधि बंद […]

You May Like