
भोपाल। रिहायशी इलाकों में कमर्शियल गतिविधियों के खिलाफ नगर निगम की पहली बड़ी कार्रवाई सामने आई है। बुधवार को वार्ड-58 के गौतम नगर में रिहायशी बिल्डिंग में संचालित OYO होटल को नगर निगम ने सील कर दिया।
निगम के मुताबिक, भवन मालिक शुभेंदु उपाध्याय को पहले ही कमर्शियल गतिविधि बंद करने और भवन को मूल स्वरूप में लाने के नोटिस दिए गए थे।
24 अगस्त को मध्यप्रदेश नगर पालिक निगम अधिनियम की धारा 303 के तहत अंतिम नोटिस भी जारी किया गया, लेकिन इसके बावजूद होटल का संचालन जारी रहा। इसके बाद भवन अनुज्ञा, राजस्व और अतिक्रमण शाखा की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए होटल को सील कर दिया।
कार्रवाई के दौरान गोविंदपुरा पुलिस भी मौके पर मौजूद रही। यानी भोपाल में रिहायशी इलाकों में कारोबार पर निगम का एक्शन अब जमीन पर दिखाई देने लगा है।
