काठमांडू, 23 फरवरी (वार्ता) नेपाल के धादिंग में रविवार देर रात एक बस के त्रिशूली नदी में गिर जाने से कम से कम 19 लोगों की मौत हो गयी, जिसमें एक ब्रिटिश नागरिक भी शामिल है। नेपाल के राष्ट्रीय अखबार काठमांडू पोस्ट ने यह जानकारी दी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, धादिंग के बेनीघाट रोरंग ग्रामीण नगर पालिका के चरौंडी में हुए बसहादसे में घायल यात्रियों को इलाज के लिए काठमांडू भेजा गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पोखरा से काठमांडू जा रही बस देर रात 1:15 बजे त्रिशूली नदी में गिर गयी। पुलिस ने बताया कि हादसे में 19 लोगों की मौत हो गयी और 25 लोग घायल हैं। इनमें से 24 को आगे के इलाज के लिए काठमांडू भेजा गया है।
मरने वालों में नौ लोग नेपाल के नागरिक हैं, वहीं एक मृतक ब्रिटेन का नागरिक है जिसकी पहचान स्टुअर्ट डॉमिनिक ईथन के रूप में हुई है। फिलहाल 10 मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। एक घायल यात्री न्यूजीलैंड का नागरिक है। उसे इलाज के लिए मालेखु टीचिंग अस्पताल भेजा गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह खतरे से बाहर है और उसने काठमांडू जाने के बजाय वहीं इलाज जारी रखने का फैसला किया है। शवों को पोस्ट-मॉर्टम के लिए गजुरी सामुदायिक अस्पताल भेज दिया गया है। बस रविवार शाम सात बजे पोखरा के टूरिस्ट बस पार्क से रवाना हुई थी। पृथ्वी राजमार्ग बस संचालक कंपनी प्राइवेट लिमिटेड की चलाई जा रही इस बस में कुछ विदेशी नागरिक सवार थे।

