छात्रा की हत्या के विरोध में चक्काजाम समाप्त, हुआ अंतिम संस्कार

भिण्ड: भिण्ड जिले के झांकरी चौकी क्षेत्र की एक नाबालिग छात्रा के कथित अपहरण, सामूहिक दुष्कर्म और हत्या के मामले में ग्रामीणों द्वारा किया गया चक्काजाम देर रात प्रशासन और पीड़ित परिवार के बीच सहमति बनने के बाद समाप्त हो गया। इसके बाद आज छात्रा का अंतिम संस्कार किया गया।पुलिस सूत्रों के अनुसार छात्रा का शव क्षेत्र में पहुंचने के बाद ग्रामीणों और समाज के लोगों ने सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया था। प्रदर्शनकारी पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, आर्थिक सहायता, शस्त्र लाइसेंस तथा मामले की त्वरित सुनवाई की मांग कर रहे थे।

प्रशासन की ओर से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव पाठक और एसडीएम नवनीत शर्मा ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा की। लंबी वार्ता के बाद प्रशासन ने एक परिजन को पंचायत स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने, सुरक्षा की दृष्टि से चार शस्त्र लाइसेंस जारी करने तथा आठ बीघा सरकारी भूमि का पट्टा आवंटित करने पर सहमति व्यक्त की। इसके बाद देर रात प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया और आज सुबह परिजनों तथा समाज के लोगों की उपस्थिति में छात्रा का अंतिम संस्कार किया गया।

पुलिस के अनुसार छात्रा के अपहरण और हत्या के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपियों के विरुद्ध अपहरण, हत्या, सामूहिक दुष्कर्म, पॉक्सो अधिनियम तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर
रही है।

Next Post

दिल्ली होटल अग्निकांड पर सियासत तेज: 21 लोगों की मौत के बाद आप ने उठाए सवाल, खड़गे और प्रियंका गांधी ने घटना पर जताया गहरा शोक

Wed Jun 3 , 2026
नई दिल्ली | मालवीय नगर स्थित होटल में हुए भीषण अग्निकांड में 21 लोगों की मौत के बाद दिल्ली की राजनीति गरमा गई है। आम आदमी पार्टी ने इस घटना पर तीखे सवाल उठाते हुए दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था और मानकों की अनदेखी पर गंभीर चिंता जताई है। पार्टी ने प्रशासन […]

You May Like