इंदौर: इंदौर बुधनी रेलवे लाइन और आउटर रिंग रोड परियोजनाओं से प्रभावित किसानों के बीच गुरुवार को पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह पहुंचे. उन्होंने किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी उनके साथ खड़ी है और किसी भी हाल में उनके साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा.
सांवेर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम धतुरिया में आयोजित बैठक में बड़ी संख्या में प्रभावित किसान पहुंचे.
प्रतिनिधि मंडल ने कांग्रेस नेता को भूमि अधिग्रहण, मुआवजा और भेदभाव से जुड़ी समस्याओं से अवगत कराया. किसानों का आरोप था कि प्रदेश सरकार उनके साथ भेदभाव कर रही है और उचित मुआवजा नहीं दे रही. किसानों को संबोधित करते हुए अजय सिंह ने कहा कि पार्टी उनकी लड़ाई मजबूती से लड़ेगी और सरकार को किसानों के हित में निर्णय लेने के लिए मजबूर किया जाएगा.
उन्होंने कहा कि केंद्र में यूपीए सरकार के समय लाए गए कानून के अनुसार किसानों को बाजार मूल्य से चार गुना तक मुआवजा मिलना चाहिए, इसी आधार पर उन्हें उनका हक दिलाया जाएगा. किसान नेता हंसराज मंडलोई ने कहा कि जो उनकी बात करेगा, किसान भी उसी का साथ देंगे. उन्होंने बताया कि प्रभावित किसानों का प्रतिनिधि मंडल वरिष्ठ कांग्रेस नेता रतन सिंह सांखला के निवास पर एकत्रित हुआ था, जहां सभी ने अपनी समस्याएं विस्तार से रखीं. बैठक में जिलेभर से आए किसानों ने एक स्वर में मुआवजे और भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग की. किसान नेताओं का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, वे आंदोलन तेज करेंगे.
