भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने प्रसिद्ध शायर और पद्मश्री सम्मानित डॉ बशीर बद्र के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें साहित्य जगत की अमूल्य धरोहर बताया। वहीं मुख्यमंत्री ने प्रदेश में गेहूं खरीदी को लेकर भी बड़ी उपलब्धि साझा करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश ने किसानों से समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी में पूरे देश में नया इतिहास रचा है।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि डॉ बशीर बद्र ने अपनी शायरी और रचनाओं के माध्यम से संवेदनशीलता, अपनत्व और मानवता का संदेश दिया। उनकी लेखनी ने साहित्य और गजल की दुनिया को नई ऊंचाइयां प्रदान कीं। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों और प्रशंसकों को यह दुख सहन करने की शक्ति देने की कामना की।
इधर, मुख्यमंत्री ने प्रदेश में गेहूं खरीदी को लेकर सरकार की उपलब्धि भी साझा की। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश ने 13 लाख 46 हजार से अधिक किसानों से रिकॉर्ड गेहूं खरीदी कर अपना ही पिछला रिकॉर्ड तोड़ दिया है। मुख्यमंत्री ने विशेष संतोष जताते हुए कहा कि पहली बार लघु एवं सीमांत किसानों को प्राथमिकता देते हुए लगभग 34 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदा गया। उन्होंने कहा कि किसानों के हित और कल्याण के लिए राज्य सरकार निरंतर संकल्पित होकर कार्य कर रही है।
