वाशिंगटन, (वार्ता) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने बुधवार को अफीम पोस्त की गैर-कानूनी खेती पर लगाम कसने और आपूर्ति श्रृंखला की पारदर्शिता को मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा सरकार के उठाए कदमों की सराहना की है।
अमेरिकी कांग्रेस को सौंपी गई अपनी आधिकारिक ‘प्रेसिडेंशियल डिटरमिनेशन’ अधिसूचना में राष्ट्रपति ट्रम्प ने कहा कि वह अवैध अफीम पोस्त की खेती से निपटने में प्रधानमंत्री मोदी और भारत सरकार के प्रयासों का स्वागत करते हैं। दस्तावेज में राष्ट्रपति ट्रम्प ने भारत के अलावा पेरू की नयी राष्ट्रपति केइको फुजीमोरी के साथ-साथ अर्जेंटीना, इक्वाडोर और अल साल्वाडोर के नेतृत्व की भी सराहना की, जिन्होंने नारको-टेररिज्म के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है।
भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने भी देररात सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर राष्ट्रपति ट्रम्प की रिपोर्ट साझा करते हुए प्रधानमंत्री मोदी की सराहना की। उन्होंने लिखा, “आज राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दुनियाभर में अवैध मादक पदार्थों का मुकाबला करने के लिए एक वैश्विक रिपोर्ट जारी की है। प्रधानमंत्री मोदी ने अवैध नशीले पदार्थों के खिलाफ लड़ाई में असाधारण काम किया है और अमेरिका उनके इन प्रयासों की सराहना करता है! हमारे दोनों देश मिलकर नशीले पदार्थों के खिलाफ यह लड़ाई जारी रखेंगे।”
