अवैध निर्माण पर निगम की सख्त कार्रवाई: भवन अधिकारियों को आयुक्त के सख्त निर्देश

ग्वालियर, ग्वालियर नगर निगम ने अवैध निर्माण, अनियमित कॉलोनी विकास और भवन अनुज्ञा के विपरीत कामकाज पर सख्त कार्रवाई का बिगुल फूंक दिया है। नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी ने सोमवार को बाल भवन के टीएलसी में कॉलोनी सेल एवं भवन शाखा की समीक्षा बैठक ली और सभी भवन अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने-अपने क्षेत्र में अवैध निर्माणों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई करने के कड़े निर्देश दिए।

बैठक में निगमायुक्त ने भवन अनुज्ञा प्रक्रिया की विस्तृत समीक्षा की और डीम्ड परमिशन के मुद्दे पर स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए कि अब तक जारी सभी डीम्ड परमिशन की सूची अगले दिन तक प्रस्तुत की जाए ताकि उनकी जांच कराई जा सके। उन्होंने कहा कि यदि कहीं अवैध कॉलोनी निर्माण या प्लॉटिंग की जा रही है तो तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए और भवन अनुज्ञा के विपरीत किसी भी निर्माण कार्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

आवासीय क्षेत्रों में चल रही अनधिकृत व्यावसायिक गतिविधियों पर भी निगम की नजर रहेगी। आयुक्त ने निर्देश दिए कि भवन अधिकारी और भवन निरीक्षक यह सुनिश्चित करें कि आवासीय इलाकों में व्यावसायिक कामकाज न चलें और जहां भवन अनुमति के विपरीत निर्माण हो रहे हों वहां तुरंत कार्रवाई की जाए। इसके अलावा शहर की सफाई और पर्यावरण अनुपालन पर जोर देते हुए सीएंडडी वेस्ट (निर्माण विध्वंस मलबा) के निरीक्षण के निर्देश दिए गए और कहा गया कि कहीं भी सीएंडडी वेस्ट न पड़ा रहे, जहां पाया जाए वहां जुर्माने की कार्रवाई की जाए।

समीक्षा बैठक में सिटी प्लानर सुरेश अहिरवार सहित सभी भवन अधिकारी और कॉलोनी सेल के अधिकारी उपस्थित रहे, जहां भवन निर्माण की कंपाउंडिंग, कॉलोनी विकास और अन्य बिंदुओं पर चर्चा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निगम का स्पष्ट संदेश है कि अवैध निर्माण और अनियमितताओं पर अब सख्ती बरती जाएगी और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई से नहीं चूका जाएगा।

Next Post

कार्यवाही करने पहुंची बिजली टीम पर ग्रामीणों ने की पत्थरबाजी

Mon Oct 5 , 2026
रीवा, त्योंथर संभाग के अंतर्गत सोमवार को बकायादार उपभोकताओ के कनेक्शन काटने के साथ प्रकरण दर्ज किया गया. साथ ही चार जगह के वितरण ट्रांसफार्मर भी बंद किये गए, तीन जगह पर 6.7 लाख पैसा बकाया था दिन-भर चली कार्रवाई के दौरान 26 विद्युत चोरी के प्रकरण बनाये गये. कार्रवाई […]

You May Like