
छतरपुर। पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन मुस्कान” अभियान के अंतर्गत गुमशुदा बच्चों की तलाश और उन्हें सुरक्षित परिजनों तक पहुँचाने का कार्य निरंतर जारी है। इसी क्रम में थाना नौगांव पुलिस ने वर्ष 2022 में गुम हुई एक बालिका को दस्तयाब करने में सफलता प्राप्त की है।
इस मामले में पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने बालिका की दस्तयाबी हेतु 7000 का इनाम घोषित किया था। पुलिस टीम ने लगातार प्रयासों के बाद बालिका को सुरक्षित बरामद कर लिया और परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में गुम और अपहृत बालक-बालिकाओं की खोज की जा रही है। केवल वर्ष 2025 में अब तक 370 से अधिक बच्चों को दस्तयाब किया गया है, जबकि सितंबर माह में 4 बच्चों को सुरक्षित उनके परिवार तक पहुँचाया गया।
इस कार्रवाई में एसडीओपी नौगांव अमित मेश्राम के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश सिंह, उपनिरीक्षक जितेन्द्र सोनी, मोहिनी शर्मा, आरक्षक जितेन्द्र, धीरेन्द्र और महिला आरक्षक रीना पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
“ऑपरेशन मुस्कान” के तहत छतरपुर पुलिस लगातार गुमशुदा बच्चों की तलाश कर रही है और परिजनों को राहत पहुँचा रही है।
