जबलपुर: माढ़ोताल थाना अंतर्गत नक्षत्र नगर स्थित एक निजी फाइनेंस कंपनी में दो संगम मैनेजरों ने सैकड़ों महिला ग्राहकों को चूना लगाते हुए करीब 4.68 लाख रुपये की राशि का गबन कर दिया। शाखा प्रबंधक की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नक्षत्र नगर स्थित भारत फाइनेंशियल इन्क्लूजन लिमिटेड’ (शाखा आधारताल-बी) की शाखा महिलाओं को 35,000 रुपये से लेकर 1,25,000 रुपये तक का सामूहिक लोन प्रदान करती है। लोन की किस्तों की वसूली के लिए कंपनी ने संगम मैनेजर नियुक्त किए हैं, जो गांव-गांव जाकर समूहों से पैसा कलेक्ट करते हैं और कंपनी द्वारा दिए गए टैब में ऑनलाइन एंट्री करते हैं।
ऐसे किया गबन
संगम मैनेजर अरविंद धनगर निवासी ग्राम मुड़ेरी, दमोह ने 195 ग्राहकों से 3 अक्टूबर 2023 से 5 जनवरी 2024 के बीच प्री-पेमेंट और आरडी के कुल 2,41,653 रुपये लिए, लेकिन कंपनी में जमा नहीं किए। पंकज कुमार दर्जी निवासी मंझौली ने 15 ग्राहकों से मार्च और अप्रैल 2024 के दौरान 2,27,140 रुपये वसूले और उन्हें व्यक्तिगत लाभ के लिए इस्तेमाल कर फरार हो गया।
स्टेटमेंट-दस्तावेजों के मिलान में खुलासा
ब्रांच मैनेजर संदीप पटेल ने जब बैंक स्टेटमेंट और दस्तावेजों का मिलान किया, तो गबन का खुलासा हुआ। जाँच में पाया गया कि दोनों कर्मचारियों ने फर्जीवाड़ा कर ग्राहकों के पैसे हड़प लिए हैं। पुलिस ने आरोपियों के मामला दर्ज किया है।
