जबलपुर: बरगी थाना अंतर्गत सालीवाड़ा ग्राम में शादी की खुशियाँ मातम में बदल गईं। रिश्तेदारों के यहाँ शादी समारोह में आईं दो युवतियां और एक मासूम नर्मदा नहर (केनाल) में नहाते समय डूब गईं। बच्चियों को बाहर निकले रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है।बरगी थाना प्रभारी नितेश दोहरे ने बताया कि दो युवतियांऔर एक मासूम बच्ची अलग-अलग क्षेत्रों से अपने एक रिश्तेदार के यहाँ आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आई थीं। भीषण गर्मी के कारण वे पास ही स्थित बरगी नहर में नहाने चली गईं, जहाँ पानी के तेज बहाव और गहराई का अंदाजा न होने के कारण यह हादसा हुआ। तीन बच्चियां गहरे पानी में समा गईं।
ये डूबीं
शीतल पटेल (20 वर्ष), पिता संतोष पटेल, निवासी- शास्त्री नगर, मेडिकल, जबलपुर, तनु पटेल (18 वर्ष) पिता बृजेश पटेल, निवासी-कोसमघाट, गौर, सानिया पटेल ( 8 ) पिता नरेश पटेल, निवासी- कटिया घाट, गौर डूब गई।
चीख पुकार के बीच रेस्क्यू जारी
हादसे की खबर मिलते ही शादी वाले घर और परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही बरगी नगर पुलिस टीम मौके पर पहुँची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। बाद में एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया है, जो नहर के गहरे पानी में बच्चियों की तलाश कर रही है। नहर के आसपास सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जमा है और परिजनों का बुरा हाल है।
