पुलिस ने जारी किया रंगपंचमी की गेर को लेकर यातायात का प्लॉन

इंदौर: शहर में 8 मार्च को रंगपंचमी के अवसर पर निकलने वाली परंपरागत गेर के मद्देनजर यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लॉन जारी किया है. इसके तहत राजवाड़ा और आसपास के क्षेत्रों में भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए गेर मार्ग पर सुबह 6 बजे से सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश और पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी. इसको लेकर शहर के कई प्रमुख मार्गों पर डायवर्शन लागू किया जाएगा, जबकि आपातकालीन वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है.

रंगपंचमी के दिन राजवाड़ा क्षेत्र में पारंपरिक गेर निकलने के कारण बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुटती है. इसे देखते हुए गेर मार्ग और आसपास के बाजारों में सभी प्रकार के वाहनों के प्रवेश और पार्किंग पर प्रतिबंध रहेगा. वहीं प्रतिबंधित मार्गों में हैमिल्टन रोड और फ्रूट मार्केट से राजवाड़ा की ओर जाने वाला रास्ता, संजय सेतु से मृगनयनी और नंदलालपुरा की ओर जाने वाला रास्ता, इमली बाजार से राजवाड़ा, बड़वाली चौकी से गोराकुंड, यशवंत रोड चौराहा से राजवाड़ा, मच्छी बाजार से यशवंत रोड, रामलक्ष्मण बाजार से पीपली बाजार, नरसिंह बाजार से शीतला माता बाजार, नयापीठा, बियाबानी, मालगंज और लोहार पट्टी सहित कई रास्तें शामिल किए गए है. इसके अलावा जवाहर मार्ग, निहालपुरा, सराफा और बर्तन बाजार की गलियों में भी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रखा गया है.
ये है यातायात पुलिस की गाइड लाइन
यातायात पुलिस द्वारा जारी की गई गाईड लाईन के अनुसार राजवाड़ा और जवाहर मार्ग क्षेत्र में सिटी बसों और अन्य लोडिंग वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा. सिटी बसें और अन्य वाहन मृगनयनी, सुभाष मार्ग, गंगवाल बस स्टैंड, महू नाका, पलसीकर चौराहा, टावर चौराहा और भंवरकुआ मार्ग से आवागमन कर सकेंगे. भीड़ की स्थिति के अनुसार यह प्रतिबंध रीगल चौराहा, पटेल प्रतिमा, कलेक्ट्रेट, मह ूनाका और वायरलेस चौराहा तक भी लागू किया जा सकता है. वहीं चार पहिया वाहनों के लिए भी कई मार्गों पर प्रतिबंध लगाया है. जबकि संजय सेतु से राजमोहल्ला, नगर निगम से बड़ा गणपति, हरसिद्धि से यशवंत रोड और नया पीठा से नरसिंह बाजार की ओर चार पहिया वाहनों का प्रवेश बंद रखा गया है.
इन स्थानों पर किया डायवर्सन मार्ग निर्धारित
इसके साथ ही यातायात पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर डायवर्सन भी निर्धारित किए हैं, जो बड़ा गणपति से कृष्णपुरा छत्री, नंदलालपुरा से राजमोहल्ला तथा राजवाड़ा के आसपास पीपली बाजार, सराफा, बर्तन बाजार, इमामबाड़ा और कपड़ा मार्केट क्षेत्रों में वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रखा गया है. मृगनयनी चौराहे से कलेक्ट्रेट की ओर जाने वाले वाहन संजय सेतु, चंद्रभागा, थाना पंढरीनाथ और जेएमवी मार्ग का उपयोग कर सकेंगे. इसी तरह हरसिद्धि मंदिर से यशवंत रोड होते हुए जवाहर मार्ग की ओर जाने वाले वाहन मच्छी बाजार से कड़ाव घाट, दरगाह चौराहा, बियाबानी और गंगवाल बस स्टैंड मार्ग से आगे जा सकेंगे. जबकि दरगाह चौराहे से मरीमाता की ओर जाने वाले वाहन बियाबानी, गंगवाल चौराहा, अंतिम चौक और बड़ा गणपति होकर आगे बढ़ सकेंगे.

गेर में शामिल होने वाले लोगों के लिए विशेष पार्किंग व्यवस्था
गेर में शामिल होने के लिए आने वाले लोगों के लिए भी विशेष पार्किंग व्यवस्था की गई है. वाहन संजय सेतु रिवर साइड पार्किंग, पुराना प्रेमसुख टॉकीज मल्टीलेवल पार्किंग, मच्छी बाजार कड़ाव घाट पार्किंग, जिंसी हाट मैदान, मल्हार आश्रम रामबाग, हरसिद्धि मंदिर परिसर, खालसा स्टेडियम और मालगंज सब्जी मंडी पार्किंग में खड़े किए जा सकेंगे. यह यातायात डायवर्शन 8 मार्च को सुबह 6 बजे से गेर और फाग यात्रा समाप्त होने तक प्रभावी रहेगा. यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे डायवर्शन मार्गों का उपयोग करें और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करते हुए व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें

Next Post

अमेरिका ने एक सप्ताह के दौरान ईरान में 3000 लक्ष्यों पर हमला करने का किया दावा

Sat Mar 7 , 2026
वाशिंगटन 07 मार्च (वार्ता) अमेरिका ने ईरान में 3,000 से ज़्यादा लक्ष्यों पर हमला करने का दावा किया है। अमेरिका के केंद्रीय कमान ने सोशल मीडिया एक्स पर कहा है कि उसने गत एक सप्ताह में ईरान में 3,000 से ज़्यादा लक्ष्यों पर हमला किया है। गौरतलब है कि अमेरिका […]

You May Like