नयी दिल्ली, 19 मई (वार्ता) देश की अग्रणी दूरसंचार कंपनी भारती एयरटेल ने मंगलवार को प्रायोरिटी पोस्टपेड सेवा शुरू करने की घोषणा की। कंपनी की आज जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि इस सेवा के लिए उसने अपने 5जी नेटवर्क को नेटवर्क स्लाइसिंग तकनीक की उन्नत क्षमताओं से सशक्त बनाया है। यह तकनीक नेटवर्क को अधिक स्मार्ट और कुशल बनाता है। इससे पोस्टपेड ग्राहकों को स्थिर और बेहतर नेटवर्क का अनुभव मिलेगा। यह सेवा विशेष रूप से उन व्यस्त ग्राहकों के लिए तैयार की गयी है जो काम, मनोरंजन या ऑनलाइन कार्यों के लिए निर्बाध कनेक्टिविटी पर निर्भर रहते हैं।
इसके लिए प्लान 449 रुपये (वस्तु एवं सेवा कर अतिरिक्त) से शुरू है। एयरटेल ने बताया है कि इस सेवा का लाभ उठाने वाले प्रायोरिटी ग्राहकों को बेहतर और निर्बाध अनुभव मिलेगा। नेटवर्क क्षमता को इंटेलीजेंट और डायनेमिक तरीके से विभाजित कर एयरटेल अपने पोस्टपेड ग्राहकों को अधिक स्थिर, भरोसेमंद और लगातार बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान कर रहा है, विशेष रूप से उन परिस्थितियों में जब नेटवर्क पर ट्रैफिक का दबाव अधिक हो।
उसने कहा है कि पिछले एक साल में अमेरिका, सिंगापुर, ब्रिटेन और मलेशिया जैसे कई देशों में स्लाइसिंग आधारित 5जी सेवाएं शुरू की गयी हैं। भारत में अपनी तरह का यह पहला कदम है। एयरटेल इंडिया के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी शाश्वत शर्मा ने कहा, “एयरटेल में हमारा फोकस ऐसे सार्थक समाधानों पर है, जो ग्राहकों के अनुभव को बेहतर बनाये। प्रायोरिटी पोस्टपेड, 5जी स्लाइसिंग तकनीक से संचालित हमारा नया समाधान है। यह ग्राहकों को तेज, स्थिर और भरोसेमंद कनेक्टिविटी प्रदान करता है, चाहे वे ट्रैफिक में क्लाइंट कॉल अटेंड कर रहे हों, किसी भीड़भाड़ वाले कॉन्सर्ट में स्ट्रीमिंग कर रहे हों या व्यस्त बाजार में कैब बुक कर रहे हों।” एयरटेल प्रायोरिटी सेवा सभी पोस्टपेड प्लान पर उपलब्ध है। मौजूदा ग्राहकों इसका लाभ अपने आप मिलने लगेगा। प्रीपेड ग्राहक या वे ग्राहक जो एयरटेल प्रायोरिटी पोस्टपेड में स्विच करना चाहते हैं, वे एयरटेल ऐप या किसी भी एयरटेल स्टोर के जरिये इसके लिए आवेदन कर सकते हैं।

