
इंदौर. तेजाजी नगर थाना क्षेत्र के उमरीखेड़ा इलाके में सोमवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया. उज्जैन से ओंकारेश्वर जा रही कार और सनावद से इंदौर आ रही कार की आमने सामने टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि मुंबई के दंपती समेत सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों को इलाज के लिए एमवाय अस्पताल भेजा जहां उनका इलाज किया जा रहा है.
तेजाजी नगर थाना प्रभारी देवेन्द्र मरकाम ने बताया कि हादसा सुबह उस समय हुआ, जब एक कार उज्जैन से ओंकारेश्वर की ओर जा रही थी, जबकि दूसरी कार सनावद से इंदौर आ रही थी. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उज्जैन से आ रही कार के ड्राइवर को झपकी आ गई, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सामने से आ रही कार से जा टकराया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं. हादसे में मुंबई निवासी निखिल कोठारी, उनकी पत्नी सलोनी, उज्जैन निवासी अमन पुत्र रशीद खान, सनावद निवासी ओमप्रकाश पुत्र आलोकचंद, चेतराम पुत्र बारेलाल, अरबाज और पवन निवासी सदरसर घायल हुए हैं. सभी को तत्काल एंबुलेंस से एमवाय अस्पताल पहुंचाया, वहीं सनावद निवासी 45 वर्षीय भैयालाल पुत्र लक्ष्मलाल की इलाज के दौरान मौत हो गई. परिजनों ने पुलिस को बताया कि सनावद से इंदौर आ रही कार में ओमप्रकाश, चेतराम और भैयालाल सवार थे. भैयालाल बीमार था और उसे इलाज के लिए इंदौर लाया जा रहा था. हादसे में उसकी जान चली गई. ओमप्रकाश को निजी अस्पताल में भर्ती कराया है, जबकि चेतराम का इलाज एमवाय अस्पताल में चल रहा है. भैयालाल और चेतराम आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं. सूचना मिलते ही तेजाजी नगर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया. मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
