यरूशलम, 05 अगस्त (वार्ता) इजरायल के लगभग 600 सेवानिवृत्त सुरक्षा अधिकारियों के एक समूह ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को पत्र लिखकर इज़रायल गाज़ा युद्ध तुरंत समाप्त करने की अपील की है।
बीबीसी ने अपनी रिपोर्ट में अधिकारियों के हवाले से कहा, ”हमारा पेशेवर दृष्टिकोण है कि हमास अब इज़रायल के लिए कोई रणनीतिक खतरा नहीं है।”
उन्होंने पत्र में लिखा, ”अधिकांश इज़रायलियों के बीच आपकी विश्वसनीयता प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और उनकी सरकार को सही दिशा में ले जाने की आपकी क्षमता को बढ़ाती है: युद्ध समाप्त करें, बंधकों को वापस करें और पीड़ा को रोकें।”
रिपोर्ट में कहा गया कि शीर्ष पूर्व इज़रायली अधिकारियों की यह अपील हमास और इस्लामिक जिहाद के उग्रवादियों द्वारा दो इज़रायली बंधकों के वीडियो जारी किए जाने के बाद आयी है।
इज़रायल और पश्चिमी नेताओं ने इन वीडियो की व्यापक निंदा की।
उल्लेखनीय है कि सात अक्टूबर, 2023 को दक्षिणी इज़रायल में हमास के हमले के बाद इज़रायल ने गाज़ा में युद्ध छेड़ दिया। हमास के हमले में लगभग 1,200 लोग मारे गए और 251 लोगों को बंधक बनाकर गाज़ा ले जाया गया।
हमास द्वारा संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय ने दावा किया है कि तब से गाज़ा में इज़रायल के सैन्य अभियान के कारण 60,000 से ज़्यादा लोग मारे गए हैं।

