नयी दिल्ली, 03 फरवरी (वार्ता) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भारत अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घेरते हुए कहा है कि उनकी सरकार ने देश हितों को नजरअंदाज कर भारत अमेरिका व्यापार समझौता किया है। श्री गांधी ने कहा “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की साख धूमिल हो रही है। श्री मोदी इतने डरे हुए हैं कि वे मुझे संसद में नरवणे मामले, एपस्टीन कांड और अमेरिका भारत व्यापार समझौते पर उनके आत्मसमर्पण के बारे में बोलने नहीं दे रहे हैं।”
श्रीमती वाड्रा ने कहा “अमेरिका की ओर से कहा गया है कि अमेरिकी किसानों के उत्पाद अब भारतीय बाजार में बिकेंगे जिससे ग्रामीण अमेरिका में पैसा आयेगा। इस डील से श्री ट्रंप ने अमेरिकी किसानों के लिए फायदा सुनिश्चित किया है। भारत के करोड़ों किसान जानना चाहते हैं कि इस व्यापार समझौते की शर्तें क्या हैं। क्या मोदी सरकार भारतीय कृषि क्षेत्र को पूरी तरह अमेरिका के लिए खोलने जा ही है। क्या सरकार भारतीय किसानों को अमेरिकी कंपनियों के साथ सीधी प्रतिस्पर्धा में झोंकेगी। क्या हमारे किसानों के हितों से समझौता किया गया है।जनता के सामने तत्काल स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।”

