जबलपुर:कलेक्टर राघवेंद्र सिंह की अध्यक्षता में लंबित पत्रों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने जल संचय जन भागीदारी कार्यक्रम और जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा करते हुए कहा कि अधूरी परियोजनाओं को प्राथमिकता से पूरा किया जाए। कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन के लंबित मामलों की समीक्षा की और कहा कि जिन अधिकारियों ने संतोषजनक प्रगति नहीं दिखाई, उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। सभी विभागों से मुख्यमंत्री और प्रभारी मंत्री के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में नगर निगम कमिश्नर रामप्रकाश अहिरवार और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक गहलोत सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
वंदे मातरम अभियान में भागीदारी जरूरी
कलेक्टर सिंह ने 23 मार्च से 30 मार्च तक वंदे मातरम अभियान के तहत सोशल मीडिया पर सेल्फी अपलोड करने और विभागीय वेबसाइट पर गतिविधियों का विवरण दर्ज करने के निर्देश दिए। युवाओं के लिए सेडमेप के माध्यम से मेन पावर उपलब्ध कराने का भी कार्यक्रम जारी रहेगा।
सभी विभागों के कार्यालय को रखें अपडेट
बैठक में रबी उपार्जन, राजस्व वसूली, ई-केवाईसी, दिव्यांगजनों के लिए शिविर और कर्मयोगी पोर्टल के तहत 10-10 कोर्स पूरे करने के निर्देश दिए गए। सभी विभागों से अपने कार्यालय को अपडेट रखने और प्रभारी मंत्री के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान, गौर नदी पुनर्जीवन, डॉ. भीमराव अम्बेडकर कामधेनू योजना और हिरण्यगर्भा अभियान के साथ गौशालाओं के लिए भूमि आवंटन पर भी निर्देश दिए गए।
