जबलपुर: आगामी 25 मार्च को होने वाले रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में कर्मचारी संघ चुनाव को लेकर सोमवार को विश्वविद्यालय में चुनावी माहौल देखने को मिला। जहां सभी प्रत्याशी सघन रूप से प्रचार- प्रसार करते हुए नजर आए।खासतौर पर कर्मचारी संघ में अध्यक्ष पद के प्रत्याशी वीरेंद्र सिंह पटेल ने कार्यकर्ताओं के साथ कर्मचारियों के बीच पहुंचकर चुनाव में सहयोग के लिए आग्रह किया। वीरेंद्र पटेल ने बताया कि उनके द्वारा विश्वविद्यालय में कर्मचारियों को हर संभव मदद करने और उनकी मांगों को विश्वविद्यालय प्रशासन के साथ-साथ शासन तक पहुंचाकर पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कर्मचारियों से मिलकर उनकी समस्याओं को भी सुना और उसे पूरा करने का आश्वासन भी दिया। इसके अलावा अध्यक्ष पद के अन्य दो प्रत्याशी प्रेम प्रकाश पुरोहित और संजय यादव भी प्रचार में लगे हुए हैं।
आज आखिरी प्रचार, कल होगा फैसला
विश्वविद्यालय में प्रत्याशियों को प्रचार- प्रसार करने के लिए आज अंतिम दिन है। कल 25 मार्च को सुबह 9 बजे से विश्वविद्यालय के पं. कुंजीलाल दुबे प्रेक्षागृह में मतदान शुरू हो जाएगा, जो 1 बजे तक चलेगा। लगभग 1: 30 बजे से मतगणना शुरू होगी, और दोपहर तक विजय प्रत्याशियों की घोषणा के बाद स्थिति पूरी साफ हो जाएगी।
एक- एक पद पर तीन प्रत्याशी लगा रहे दम
उल्लेखनीय है कि कर्मचारी संघ के चुनाव में विभिन्न पदों के लिए तीन-तीन दावेदार मैदान में है। जिसमें उपाध्यक्ष के लिए दो पदों में चुनाव है जिसको लेकर 6 प्रत्याशी मैदान में है। वहीं एक महासचिव पद के लिए तीन उम्मीदवार, एक संयुक्त सचिव के लिए तीन उम्मीदवार, एक कोषाध्यक्ष पद के लिए भी तीन उम्मीदवार तो वहीं कार्यकारिणी सदस्य के पांच पदों पर 15 उम्मीदवार मैदान में उतरे हुए हैं।
