नयी दिल्ली, 08 जून (वार्ता) राष्ट्रीय राजधानी में अगले दो दिनों के दौरान गर्मी का प्रकोप बढ़ने का अनुमान है, जिसके बाद इस सप्ताह के अंत में बारिश होने तथा तापमान में भारी गिरावट आने के बाद गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं।
मौसम विभाग ने सोमवार को बताया कि अगले 48 घंटों के दौरान राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान में लगभग दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है, जिसके बाद स्थिति में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन 12 जून से तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आएगी। न्यूनतम तापमान में भी 10 जून तक एक से दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने के आसार हैं, जिसके बाद सप्ताह के अंत में इसमें कमी आएगी।
मौसम के इस मिजाज का कारण उत्तरी हरियाणा और उसके आस-पास के क्षेत्रों में बने एक ऊपरी चक्रवाती वायु परिसंचरण, पूर्वी उत्तर प्रदेश और पड़ोसी क्षेत्रों में एक अन्य चक्रवाती परिसंचरण, तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश से उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश तक फैला एक कम दबाव के क्षेत्र को बताया गया है। इसके अलावा, 11 जून से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है।
दिल्ली में सोमवार को मौसम काफी गर्म रहा, जहां सफदरजंग वेधशाला ने अधिकतम तापमान सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक 42.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। रिज स्टेशन 43.4 डिग्री सेल्सियस के साथ शहर का सबसे गर्म स्थान रहा, जबकि लोधी रोड पर तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली में अधिकतम तापमान 42-43 डिग्री सेल्सियस के दायरे में रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 25 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। मौसम की एक बड़ी गतिविधि सात जून को पालम हवाई अड्डे के आस-पास देखने को मिली, जहां शाम 4:40 से 4:42 बजे के बीच 101 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चली।
सात दिनों के पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली में 10 जून तक आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और 20-30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चलेंगी, जिनकी गति 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग ने 10 जून की दोपहर/शाम को गरज-चमक के साथ मौसम बदलने की संभावना जताई है।
मौसम में बड़ा बदलाव 11 जून से देखने को मिलेगा, जब शाम और रात के समय गरज-चमक, बिजली कड़कने और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के साथ हल्की-फुल्की बारिश हो सकती है। बारह जून को सुबह और दोपहर को दो अलग-अलग चरणों में बारिश हो सकती है। साथ ही इस दौरान 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के चलने के आसार हैं जिससे अधिकतम तापमान 12 और 13 जून तक तेजी से गिरकर करीब 35-37 डिग्री सेल्सियस पर आ जाएगा, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से खासी राहत मिलेगी। इस अवधि के दौरान गुरुग्राम, नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद सहित पड़ोसी एनसीआर के शहरों में भी ऐसा ही मौसम रहने की उम्मीद है।
मौसम विभाग ने निवासियों को गरज-चमक और आंधी की गतिविधियों के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है, विशेष रूप से 11 और 12 जून को, जब बिजली कड़कने और तेज हवाओं के कारण बाहरी गतिविधियों और यातायात व्यवस्था में बाधा आ सकती है।
