नयी दिल्ली 08 जून (वार्ता) सरकार ने कहा है कि होर्मुज जलडमरूमध्य में आग की चपेट में आने वाले व्यापारिक जहाज एमटी मैरिवेक्स पर सवार सभी 24 भारतीय नाविक सुरक्षित हैं और जहाजरानी महानिदेशालय उनकी स्थिति पर नजर रखे हुए है।
बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्रालय में निदेशक ओपेश कुमार ने पश्चिम एशिया की स्थिति की जानकारी देने के लिए सोमवार को यहां बुलाये गये संवाददाता सम्मेलन में कहा कि इस जहाज पर सवार सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा , ” आज ओमान के तट पर लगभग एक बजकर 30 मिनट पर जहाज एमटी मैरिवेक्स में आग लगने की घटना की सूचना मिली। जहाज पर 24 भारतीय नाविक सवार हैं, जिनमें से सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं। बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्रालय, जहाजरानी महानिदेशालय के माध्यम से, स्थिति की बारीकी से निगरानी कर रहा है और भारतीय नाविकों को आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए विदेश मंत्रालय, विदेश में भारतीय मिशनों और भारतीय नौसेना के साथ समन्वय कर रहा है।”
इस जहाज में आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार यह आग किसी तरह के विस्फोट के कारण लगी है।
रसायन और उर्वरक मंत्रालय की ओर से बताया गया कि देश में उर्वरक के उत्पादन तथा इसकी उपलब्धता की स्थिति की निरंतर समीक्षा की जा रही है और मौजूदा खरीफ सीजन के लिए उर्वरक की उपलब्धता में कोई बड़ी चुनौती नहीं है। मंत्रालय ने कहा कि खरीफ 2026 के लिए उर्वरक की ज़रूरत का फिर से आकलन किया गया है और यह 383.9 टन है और देश में इसका पर्याप्त स्टॉक है।
पेट्रोलिय और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की ओर से बताया गया कि देश में पिछले चार दिनों में लगभग 1.77 करोड़ एलपीजी सिलेंडर डिलीवर किए गए। लगभग 9.16 लाख पीएनजी कनेक्शन में गैस आपूर्ति शुरू की गयी और 3.05 लाख और कनेक्शन के लिए बुनियादी ढांचा बनाया गया।
