इंदौर:महापौर और निगम आयुक्त ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जल सुनवाई और लीकेज सुधार कार्यों का निरीक्षण किया. महापौर और आयुक्त ने गांधीहाल, महावीर बाग और जिंसी में जल सुनवाई और स्नेहलता गंज में गंदे पानी की शिकायत पर लीकेज सुधार कार्य का मौका मुआयना किया. साथ ही गुणवत्ता के साथ कार्य जल्दी पूरा करने के निर्देश दिए.महापौर पुष्यमित्र भार्गव और निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने वार्ड क्रमांक 49 में महावीर बाग, तिलक नगर और गांधी हॉल पानी की टंकी पर जल सुनवाई में जनता की समस्या को सुना.
मौके पर मौजूद अधिकारियों और क्षेत्रीय प्रभारियों को पानी शिकायतों का तुरंत समाधान करने के निर्देश दिए. ध्यान रहे कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर संकल्प से समाधान अभियान चलाया जा रहा है. शासन द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं एवं जन सुविधाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से झोन वार एवं वार्डवार शिविर लगाए जा रहे है. आज झोन 10 के वार्ड 49 में जल सुनवाई में महापौर भार्गव ने स्वयं नागरिकों की जल समस्याओं को सुना.
नागरिकों द्वारा पानी न आने, दूषित पानी तथा पुरानी जलप्रदाय लाइनों के कारण समस्याओं की शिकायत की. इसके बाद महापौर एवं आयुक्त ने गांधी हाल टंकी पर जल सुनवाई का निरीक्षण किया. साथ स्नेहलतागंज में जलप्रदाय लीकेज सुधार कार्य एवं बड़ा गणपति क्षेत्र में निर्माणाधीन सम्पवेल का मौका मुआयना किया. महापौर ने पुरानी जलप्रदाय लाइनों को बदलकर नर्मदा लाइन से जोड़ने की कार्यवाही जल्दी करने के आदेश दिए.
