ढाका, 20 सितम्बर (वार्ता) बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने शनिवार को घोषणा की कि उन्होंने पूर्व राष्ट्रीय टीम की कप्तान सलमा खातून को महिला चयन पैनल में शामिल किया है।
सलमा देश की पहली महिला क्रिकेटर हैं जिन्हें चयन पैनल में नियुक्त किया गया है। इस पैनल में वर्तमान में सज्जाद अहमद (महिला चयन पैनल के प्रमुख) और सोजोल चौधरी शामिल हैं, जो मुख्य रूप से आयु वर्ग की टीमों के साथ काम करते हैं।
बीसीबी की मीडिया समिति के अध्यक्ष इफ़्तिख़ार रहमान मिठू ने शनिवार को कहा, “हमारी एक छोटी सी बैठक हुई जिसमें हमने चार-पाँच अहम फ़ैसले लिए। उनमें से एक फ़ैसला हमारी महिला राष्ट्रीय टीम की पहली महिला चयनकर्ता के रूप में सलमा खातून की नियुक्ति का था। वह शिपोन के साथ काम करेंगी, जो वर्तमान में महिला टीम की मुख्य चयनकर्ता हैं।”
“आप सभी जानते हैं कि सलमा को 2014-15 में आईसीसी की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज और शीर्ष ऑलराउंडर चुना गया था। उन्होंने 2008 से 2015 तक बांग्लादेश की कप्तानी की और देश में महिला क्रिकेट का एक स्तंभ रही हैं। मुझे लगता है कि यह हमारे अध्यक्ष का एक क्रांतिकारी फ़ैसला है, क्योंकि सलमा जैसी किसी व्यक्ति के शामिल होने से महिला क्रिकेट को काफी समर्थन मिलेगा। बांग्लादेश में पहली बार ऐसी नियुक्ति हुई है।”
इस बीच, इफ़्तिख़ार ने घोषणा की कि उन्होंने पूर्व राष्ट्रीय तेज गेंदबाज हसीबुल हुसैन शान्तो को भी पुरुषों की राष्ट्रीय चयन समिति में शामिल किया है।
हन्नान सरकार द्वारा अपने कोचिंग करियर पर ध्यान केंद्रित करने के लिए पद छोड़ने के बाद गाज़ी अशरफ हुसैन की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय राष्ट्रीय चयन समिति में एक पद रिक्त हो गया था। पूर्व बाएं हाथ के स्पिनर अब्दुर रज्जाक पुरुष चयन समिति के अन्य सदस्य हैं।
इफ्तिखार ने कहा, “आप जानते हैं कि पुरुष चयन समिति में एक रिक्त स्थान था। हसीबुल हुसैन शान्तो को उस पद के लिए चुना गया है। अब से, वह अब्दुर रज्जाक और गाज़ी अशरफ हुसैन लिपु के साथ काम करेंगे।”
