राजस्थान रॉयल्स ने बनाये छह विकेट पर 225 रन

जयपुर, 01 मई (वार्ता) कप्तान रियान पराग (90), डॉनोवन फरेरा (नाबाद 47) और ध्रुव जुरेल (42) की शानदार बल्लेबाजी के दम पर राजस्थान रॉयल्स (आरआर) ने शुक्रवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 43वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 225 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।

आज यहां राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स को मिचेल स्टार्क और काइल जेमीसन ने शुरुआती झटके दिये। पहले ओवर में स्टार्क ने यशस्वी जायसवाल (छह) को आउट किया। अगले ही ओवर में जेमीसन ने धाकड़ बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी (चार) को बोल्ड कर पवेलियन भेज दिया। 12 रन के स्कोर पर अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा चुकी आरआर को ध्रुव जुरेल और रियान पराग की जोड़ी ने संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच तीसरे के लिए 102 रनों की साझेदारी हुई। 12वें ओवर में अक्षर पटेल ने ध्रुव जुरेल को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। जुरेल ने 30 गेंदों में चार चौके और एक छक्का उड़ाते हुए 42 रनों की पारी खेली।

17वें ओवर में मिचेल स्टार्क ने दूसरी गेंद पर रवींद्र जडेजा 14 गेंदों में (20) रन को आउट किया। इसके बाद उन्होंने चौथी गेंद पर शतक की ओर बढ़ रहे रियान पराग को कैच आउट करा दिया। रियान पराग ने 50 गेंदों में आठ चौके और पांच छक्के उड़ाते हुए 90 रनों की पारी खेली। शिवम दुबे छह रन बनाकर टी नटराजन का शिकार बने। राजस्थान रॉयल्स ने निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट पर 225 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। डॉनोवन फरेरा ने 14 गेंदों में दो चौके और छह छक्के उड़ाते हुए नाबाद 47 रनों की पारी खेली।

दिल्ली कैपिटल्स के लिए मिचेल स्टार्क ने तीन विकेट लिये। टी नटराजन, काइल जेमीसन और अक्षर पटेल ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

 

Next Post

यातायात नियमों के उल्लंघन पर 31 चालान, 14300 रूपए वसूले

Fri May 1 , 2026
बड़वानी। सडक़ दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं जिले की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर के मार्गदर्शन में थाना यातायात पुलिस द्वारा विशेष अभियान के तहत सघन कार्रवाई की गई। 30 अप्रैल को यातायात थाना टीम […]

You May Like