भोपाल रेलवे स्टेशन पर प्रदेश का पहला पॉड स्टाइल होटल बनकर तैयार

भोपाल। भोपाल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए मप्र का पहला पॉड स्टाइल होटल संचालित होगा. इस अत्याधुनिक होटल का उद्घाटन 4 अप्रैल को प्रस्तावित है, जिसके बाद ही यात्रियों के लिए यह सुविधा उपलब्ध होगी. पॉड होटल की दरें अभी निर्धारित नहीं हुई हैं, लेकिन जल्द ही इनकी घोषणा की जाएगी.

पॉड स्टाइल होटल की खासियत

पॉड स्टाइल होटल एक आधुनिक कॉन्सेप्ट है, जिसमें यात्रियों को एक छोटे केबिन (पॉड) के रूप में निजी स्थान उपलब्ध कराया जाता है। इसमें सोने, आराम करने और व्यक्तिगत सामान रखने के लिए पर्याप्त स्थान होता है। पॉड्स को इस तरह डिजाइन किया जाता है कि यात्री कम खर्च में सुरक्षित, आरामदायक और सुविधाजनक ठहराव का अनुभव कर सके. यह विशेष रूप से उन यात्रियों के लिए उपयोगी है जो कम समय के लिए रुकना चाहते हैं या यात्रा के दौरान विश्राम की आवश्यकता होती है.

आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित

भोपाल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए इस पॉड होटल की योजना बनाई गई थी. स्टेशन पर प्रतिदिन लगभग 40 हजार सफ़र करते है और प्रतिदिन 235 से अधिक ट्रेनें यहाँ से गुजरती हैं. प्लेटफॉर्म 6 की ओर से रोज़ाना 22 हजार से अधिक यात्री प्रवेश करते हैं, जिसे ध्यान में रखते हुए यह सुविधा यात्रियों के लिए बेहद लाभदायक सिद्ध होगी.

इस पॉड होटल में कुल 78 पॉड्स बनाए गए हैं, जिनमें 58 सिंगल पॉड और 20 फैमिली पॉड्स शामिल हैं। सिंगल पॉड एक व्यक्ति के लिए डिजाइन किया गया है, जिसकी जगह 5×7 फीट होगी। वहीं, फैमिली पॉड्स में दो वयस्क और दो बच्चे आराम से ठहर सकते हैं, जिससे परिवार के लिए यह एक बेहतरीन विकल्प बन जाता है।

ऐसी रहेंगी सुविधाओं

इस पॉड होटल में यात्रियों के आराम और सुविधा को ध्यान में रखते हुए अत्याधुनिक व्यवस्थाएं की गई हैं। जहां हर पॉड में एयर कंडीशनिंग की व्यवस्था की गई है, जिससे यात्री गर्मी से राहत पा सकेंगे. यात्रियों को इंटरनेट का सुचारु रूप से उपयोग करने के लिए हाई-स्पीड वाइ-फाइ की सुविधा उपलब्ध कराई गई है. पॉड्स में आरामदायक बिस्तर और तकिए की व्यवस्था की गई है. स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए पुरुष और महिलाओं के लिए अलग-अलग टॉयलेट की सुविधा प्रदान की गई है. ठंड के मौसम में यात्रियों की सुविधा के लिए गीजर लगाए गए हैं. यात्रियों के सामान की सुरक्षा के लिए लॉकर और लगेज रूम की सुविधा है. मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चार्ज करने के लिए प्रत्येक पॉड में चार्जिंग पॉइंट उपलब्ध है. किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पॉड होटल में फायरफाइटिंग की पुख्ता व्यवस्था की गई है. मनोरंजन के लिए प्रत्येक पॉड में टीवी की सुविधा दी गई है. यात्रियों की सुविधा के लिए पॉड्स में मेकअप मिरर उपलब्ध कराया गया है. सुरक्षा के लिए होटल परिसर में सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था है. बुकिंग के लिए आईआरसीटीसी की वेबसाइट और ऑफलाइन दोनों विकल्प उपलब्ध कराए गए हैं. यात्रियों को बुकिंग के लिए पीएनआर नंबर अनिवार्य रूप से देना होगा. भोपाल रेलवे स्टेशन पर खुलने वाला यह पॉड होटल यात्रियों को आरामदायक और किफायती ठहराव प्रदान करेगा. खासकर उन यात्रियों के लिए यह उपयोगी होगा, जो कुछ समय के लिए विश्राम करना चाहते हैं या ट्रेन के लंबे इंतजार में बेहतर विकल्प खोज रहे हैं.

Next Post

साहू समाज ने निकाली बाइक रैली

Tue Mar 25 , 2025
बेगमगंज। साहू समाज की आराध्य देवी मां कर्मा बाई की जयंती के पूर्व नव युवक साहू समाज ने पलकमति स्थित मां कर्मा देवी प्रतिमा स्थल से बाइक रैली निकाली गई। आयोजन में सैंकड़ों युवकों ने भाग लिया। बाईक रैली में भक्त माता कर्मा के जयकारे लगते सामाजिक ध्वज लहराकर ,ध्वनिविस्तार […]

You May Like