
जबलपुर। बरगी बांध के कैचमेंट एरिया में खमरिया टापू के समीप पर्यटकों से भरा एक बड़ा क्रूज अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया और डूब गया इस हादसे में अब तक चार लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 15 से अधिक लोग गहरे पानी में लापता हैं।
रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है।
सीएसपी बरगी, अंजुल अयंक मिश्रा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि क्रूज पर क्षमता से अधिक लगभग 30 से 40 लोग सवार थे। अचानक हुए इस हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और गोताखोरों की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। अब तक जलाशय से 4 शव बरामद किए गए हैं, जिनमें 3 महिलाएं और 1 पुरुष शामिल हैं।
हादसे की खबर मिलते ही पुलिस ,प्रशासन के आला अधिकारी और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुँच गई है। लापता लोगों की तलाश के लिए सर्च लाइट और आधुनिक उपकरणों की मदद ली जा रही है। हालांकि, पानी का फैलाव अधिक होने के कारण बचाव कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आ रही है कि क्रूज पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम थे या नहीं, इसकी जांच की जाएगी। क्रूज पर क्षमता से ज्यादा भीड़ होने और तूफान के कारण संतुलन बिगड़ने की संभावना जताई जा रही है।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतकों की शिनाख्त की जा रही है। घायल और बचाए गए लोगों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज जारी है।
