चंबल में तेज बारिश के साथ जमकर गिरे ओले

ग्वालियर। चंबल संभाग में आज मौसम ने अचानक करवट ली जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। मुरैना में अचानक बदले मौसम के बाद आसमान में काले बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। शुरू में लोगों ने इसे गर्मी से राहत के तौर पर लिया, लेकिन देखते ही देखते हालात बदल गए और आसमान से बड़े-बड़े ओले गिरने लगे। ग्वालियर शहर में भी बारिश से मौसम खुशनुमा हो गया है।

ओलावृष्टि इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में सड़कों, खेतों और मकानों की छतों पर बर्फ जैसी सफेद परत जम गई। अचानक बदले इस मौसम ने शहर में अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया। बाजारों में मौजूद लोग इधर-उधर भागते नजर आए। दुकानदारों ने आनन-फानन में अपने सामान को सुरक्षित रखने की कोशिश में जुट गए। कई जगहों पर टीन शेड और कमजोर छतों को नुकसान पहुंचने की खबरें भी सामने आई हैं। तेज हवाओं के साथ गिरते ओलों की मार इतनी तेज थी कि लोग घरों और दुकानों में शरण लेने को मजबूर हो गए।

*फसलों को भारी नुकसान होने की आशंका*

इस ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है। रबी की फसल कटाई के दौर में है और ऐसे समय में ओले गिरने से गेहूं, सरसों और अन्य फसलों को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। कई किसानों का कहना है कि फसल पूरी तरह तैयार थी और कटाई से पहले ही इस तरह की बारिश और ओलावृष्टि ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया। हालांकि अभी प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन नहीं किया गया है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर नुकसान की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतने बड़े आकार के ओले लंबे समय बाद देखने को मिले हैं। बच्चों और युवाओं ने जहां इसे एक अनोखा अनुभव बताया, वहीं बुजुर्गों ने इसे असामान्य मौसम का संकेत माना। कुछ लोगों ने ओलों को इकट्ठा कर फोटो और वीडियो भी बनाए, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। फिलहाल बारिश के बाद मौसम में ठंडक जरूर घुल गई है और तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। लेकिन यह राहत चिंता के साये में है, क्योंकि ओलावृष्टि से हुए नुकसान का असर आने वाले दिनों में साफ दिखाई देगा। अब सबकी नजरें प्रशासन के सर्वे और राहत कार्यों पर टिकी हैं, ताकि प्रभावित किसानों और व्यापारियों को जल्द से जल्द सहायता मिल सके।

Next Post

देवास में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार ऑटो की टक्कर से 5 वर्षीय मासूम बच्ची की मौत

Thu Apr 30 , 2026
देवास। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगा पार्क कॉलोनी में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ऑटो ने सड़क किनारे जा रही 5 वर्षीय मासूम बच्ची को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के तुरंत बाद परिजनों और स्थानीय लोगों […]

You May Like

मनोरंजन