
देवास। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगा पार्क कॉलोनी में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ऑटो ने सड़क किनारे जा रही 5 वर्षीय मासूम बच्ची को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसे के तुरंत बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से बच्ची को जिला अस्पताल देवास ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया। लेकिन गंभीर चोटों के चलते उपचार के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने आरोपी ऑटो चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपी चालक की तलाश जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
