
सीधी। कृषक कल्याण वर्ष-2026 के अंतर्गत जिला स्तरीय कृषि विज्ञान मेले का आयोजन विकासखंड मझौली में उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ। मेले में जिले के विभिन्न विकासखंडों से बड़ी संख्या में किसान, महिला किसान, महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्याएं, कृषि वैज्ञानिक, जनप्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, प्राकृतिक एवं जैविक खेती, कृषि विविधीकरण, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन तथा शासन की विभिन्न किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मध्यप्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। किसानों की आय बढ़ाने, खेती की लागत कम करने तथा कृषि को आधुनिक, वैज्ञानिक और लाभकारी बनाने के उद्देश्य से अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार भी किसान हित में प्रभावी निर्णय लेते हुए योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रभारी मंत्री कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि एवं मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के माध्यम से पात्र किसानों को प्रतिवर्ष 12 हजार रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में उपलब्ध कराई जा रही है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना प्राकृतिक आपदाओं से किसानों की सुरक्षा का मजबूत माध्यम बनी है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करते हुए टिकाऊ खेती को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने किसानों से परंपरागत खेती के साथ-साथ सब्जी उत्पादन, फलोद्यान, दुग्ध उत्पादन, मत्स्य पालन, बकरी पालन एवं अन्य कृषि आधारित गतिविधियों को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि कृषि विविधीकरण से किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। कलेक्टर विकास मिश्रा ने कहा कि सीधी जिला मुख्य रूप से कृषि आधारित जिला है जहां कृषि एवं उससे जुड़ी गतिविधियों में महिलाओं का महत्वपूर्ण योगदान है। उप संचालक कृषि आर.एस.गुप्ता ने कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। परियोजना अधिकारी शैलेश पांडेय ने विकसित भारत जी-रामजी योजना के प्रावधानों की जानकारी देते हुए ग्रामीण आजीविका एवं रोजगार अवसरों पर प्रकाश डाला। विकासखंड प्रबंधक चंद्रकांत सिंह ने मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा संचालित गतिविधियों एवं स्वसहायता समूहों की उपलब्धियों की जानकारी दी।
००
कृषि क्षेत्र में महिलाओ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण: कुंवर
धौंहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने कहा कि कृषि क्षेत्र में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने म.प्र. राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सभी स्वसहायता समूहों की महिलाओं को लखपति दीदी बनाने के लक्ष्य के अनुरूप आवश्यक संसाधन, प्रशिक्षण एवं बेहतर विपणन व्यवस्था उपलब्ध कराई जानी चाहिए। उन्होंने जैविक उत्पादों को प्रोत्साहित करने, फूड प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने तथा मझौली क्षेत्र में मृदा परीक्षण कार्य को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने पर बल दिया। विधायक ने क्षेत्र में चार नए आजीविका भवन स्थापित किए जाने की घोषणा भी की।
००००००००००
