
टीकमगढ़। सेल सागर तालाब पर अवैध कब्जे को लेकर नगर पालिका की टीम ने मंगलवार देर रात कार्रवाई की। टीम ने तालाब की जमीन पर अवैध निर्माण करने वाले करीब 184 लोगों को नोटिस जारी किए हैं। इन सभी को 24 घंटे के भीतर निर्माण संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। देर रात नोटिस जारी करने की इस प्रक्रिया पर स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए हैं।
मामला शहर के बीच स्थित सेल सागर तालाब से जुड़ा है, जिसका निर्माण राजशाही दौर में हुआ था। लंबे समय से इस तालाब की जमीन पर अवैध कब्जे हो रहे हैं, और कई लोगों ने तो तालाब के अंदर ही मकान बना लिए हैं। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन ने इस पर संज्ञान लिया।
