
श्योपुर। कूनो नेशनल पार्क से 20 अगस्त से लापता मादा दक्षिण अफ्रीकी चीता ‘निर्वा’ को देर रात शिवपुरी जिले से सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर लिया गया। चीता प्रोजेक्ट, मध्य प्रदेश ने पुष्टि की है कि निर्वा पूरी तरह से स्वस्थ है।
निर्वा 20 अगस्त को अपने शावकों से अलग हो गई थी। उसी दौरान उसके रेडियो कॉलर का सैटेलाइट उपकरण खराब हो गया था। रेडियो रेंज से बाहर जाने के कारण उसकी लोकेशन का पता लगाना नामुमकिन हो गया था।
उसे खोजने के लिए 50 से अधिक फील्ड कर्मचारियों, अधिकारियों और अनुभवी चीता ट्रैकर्स वाली 5 टीमें प्रतिदिन काम कर रही थीं। आसपास के ग्रामीणों को भी सतर्क कर दिया गया था। एक गाँव के पास चीते की गतिविधि की सूचना ग्रामीणों द्वारा दी गई। सर्च टीम तुरंत मौके पर पहुँची और रेडियो सिग्नल की मदद से निर्वा की पहचान कर उसे सुरक्षित पकड़ लिया। अधिकारियों ने निर्वा का खराब कॉलर बदल दिया है और वह बिल्कुल स्वस्थ है।
