इंदौर: द्वारकापुरी थाना क्षेत्र स्थित नगर निगम जोन-14 कार्यालय में शनिवार शाम जमकर हंगामा हुआ. दरअसल, नशे में धुत एक युवक कार्यालय में घुस गया और उत्पात मचाने लगा. इस दौरान निगम कर्मचारियों ने युवक के साथ मारपीट कर दी, जिसमें उसके सिर पर डंडा भी मारा गया. घटना का वीडियो रविवार को सामने आया है.
पुलिस के मुताबिक, मनोज उर्फ गोलू (निवासी ऋषि पैलेस कॉलोनी) नशे की हालत में जोन कार्यालय पहुंचा था.
यहां उसने हंगामा करते हुए जोन अध्यक्ष व पार्षद शानू शर्मा की गाड़ी के सामने लेट गया और नगर निगम की गाड़ी में तोड़फोड़ की कोशिश की. इस दौरान उसने एक मस्टरकर्मी पर भी हमला कर दिया. इसके बाद मौजूद कर्मचारियों ने युवक की पिटाई कर दी. काफी देर बाद पास के थाने से पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में ले लिया. बताया जा रहा है कि युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है. घटना के समय पुलिस और निगम के कई अधिकारी वीआईपी ड्यूटी में दशहरा मैदान पर मौजूद थे, जिससे मौके पर पुलिस पहुंचने में देरी हुई, फिलहाल पुलिस मामले में जांच कर रही है.
