नयी दिल्ली, 29 अप्रैल (वार्ता) भारतीय भारोत्तोलकों ने अपिया, समोआ में चल रही 2026 कॉमनवेल्थ यूथ और जूनियर वेटलिफ़्टिंग चैंपियनशिप के साथ-साथ यूनिवर्सल कप में भी अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा, और प्रतियोगिता के तीसरे दिन एक स्वर्ण और तीन रजत पदक जीतकर अपने पदकों की संख्या में और इज़ाफ़ा किया। कॉमनवेल्थ यूथ और जूनियर चैंपियनशिप में बेलाना हरिका ने 69 किग्रा वर्ग में कुल 197 किग्रा (स्नैच में 86 और क्लीन एंड जर्क में 111 किग्रा) वजन उठाकर स्वर्ण जीता जबकि करांगी तरंगिनि ने 63 किग्रा में कुल 179 किग्रा (स्नैच में 79 और क्लीन एंड जर्क में 100 किग्रा)
वजन उठाकर रजत और भूमिका मोहिते ने 63 किग्रा में कुल 195 किग्रा (स्नैच में 86 और क्लीन एंड जर्क में 109 किग्रा) वजन उठाकर रजत जीता। यूनिवर्सल कप में अभिषेक निपाने ने 88 किग्रा वर्ग में कुल 324 किग्रा (स्नैच में 140 और क्लीन एंड जर्क में 184 किग्रा) वजन उठाकर रजत जीता। भारतीय भारोत्तोलन महासंघ के अध्यक्ष ने एथलीटों, कोचों और सहयोगी कर्मचारियों को उनके शानदार प्रदर्शन और अटूट समर्पण के लिए बधाई दी। ये उपलब्धियाँ हमारे एथलीटों की दृढ़ता और प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं। भारत वैश्विक भारोत्तोलन मंच पर अपनी स्थिति को लगातार मज़बूत कर रहा है।

